home page

भोपाल में ऑटो चालक से मारपीट कर लूट, बदमाश ऑटो लेकर फरार

 | 
भोपाल में ऑटो चालक से मारपीट कर लूट, बदमाश ऑटो लेकर फरार


भोपाल, 14 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भाेपाल के कटारा हिल्स इलाके में बुधवार सुबह तीन बदमाशों ने ऑटो चालक के साथ मारपीट कर उसका पर्स और ऑटो लूट लिया। बर्रई गांव के पास आरोपितों ने चालक का रास्ता रोककर वारदात को अंजाम दिया। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने हिस्ट्रीशीटर अजय गोल्डन और उसके साथियों के खिलाफ लूट का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के मुताबिक, रामसिंह राय (60) लहारपुर एक्सटेंशन में रहते हैं और ऑटो चलाते हैं। बुधवार सुबह वह अपने एक साथी के साथ सब्जी मंडी जाने के लिए निकले थे। इसी दौरान बर्रई गांव के पास तीन बदमाशों ने उनका रास्ता रोक लिया। आरोप है कि ऑटो रुकते ही एक बदमाश ने खुद को अजय गोल्डन बताते हुए इलाके का बड़ा बदमाश होने की बात कही और रामसिंह से रुपए मांगे। चालक ने रुपए देने से इनकार किया तो आरोपित और उसके साथियों ने उनके साथ मारपीट की। इसके बाद बदमाश उनका पर्स छीनकर उन्हें ऑटो से नीचे उतारने के बाद वाहन लेकर फरार हो गए।

घटना के बाद पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ लूट का प्रकरण दर्ज किया। उनकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी गई, लेकिन फिलहाल उनका पता नहीं चल सका। पुलिस मुखबिरों की मदद से आरोपियों की तलाश कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे