home page

भोपाल में दाेस्त की हत्या का आरोपी 12 घंटे में गिरफ्तार, देशी पिस्टल बरामद

 | 
भोपाल में दाेस्त की हत्या का आरोपी 12 घंटे में गिरफ्तार, देशी पिस्टल बरामद


भोपाल, 21 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भाेपाल के निशातपुरा थाना क्षेत्र की हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में 24 वर्षीय तासी उर्फ इकलास की गोली मारकर हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी अलीम उर्फ अल्लू (19) को करीब 12 घंटे में गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल देशी पिस्टल भी बरामद कर जब्त की है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने पुराने विवाद और रंजिश के चलते हत्या की योजना बनाने की बात पुलिस को बताई है।

पुलिस के अनुसार, एक दिन पहले रविवार को साहिल पुत्र स्व. इकबाल (25), निवासी लाल क्वार्टर, हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी ने निशातपुरा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसमें बताया गया कि अलीम उर्फ अल्लू उसके भाई तासी से पुराने विवाद को लेकर रंजिश रखता था। करीब 15 दिन पहले भी आरोपी ने तासी को गोली मारने की धमकी दी थी। रविवार काे तासी अपने दो दोस्तों के साथ बाइक से मछली पकड़ने निकला था। बाइक तीसरा युवक चला रहा था, जबकि तासी बीच में और अलीम पीछे बैठा था। रास्ते में अलीम ने पिस्टल निकालकर तासी की कनपटी से सटाकर गोली मार दी। गोली लगने से तासी की मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी ने बाइक चालक को धमकाया और उसके साथ सिंधी कॉलोनी तक गया। इसके बाद वह फरार हो गया। घटना की सूचना मिलने पर निशातपुरा पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की।

रायसेन क्षेत्र से पकड़ा गया आरोपी

घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने मुखबिर तंत्र और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से आरोपी की तलाश शुरू की। पुलिस टीम ने रविवार देर रात आरोपी अलीम उर्फ अल्लू को सांचा, जिला रायसेन क्षेत्र से गिरफ्तार किया। पुलिस अभिरक्षा में पूछताछ के दौरान आरोपी ने वारदात में देशी पिस्टल का इस्तेमाल करना बताया। उसकी निशानदेही पर पिस्टल बरामद कर ली गई।

पुराने विवाद के बाद रंजिश बढ़ने की बात

डीसीपी जोन-4 आदित्य कांत शुक्ला ने साेमवार काे मामले का खुलासा करते हुए बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि करीब एक वर्ष पहले तासी का आरोपी के दोस्त ताहिर उर्फ अय्यू से विवाद हुआ था। उस दौरान अलीम ने अपने दोस्त ताहिर का पक्ष लिया था। पुलिस का कहना है कि इसी विवाद के बाद तासी और अलीम के बीच रंजिश हो गई थी। करीब 15 दिन पहले दोनों के बीच फिर विवाद हुआ था। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने पूछताछ में बताया कि इसी रंजिश के चलते उसने तासी की हत्या की योजना बनाई। आरोपी ने अपने रिश्तेदार आसिफ, निवासी गंज बासौदा, के माध्यम से देशी पिस्टल प्राप्त करने की बात कही है।

हथियार उपलब्ध कराने वालों की तलाश

पुलिस के मुताबिक वारदात में इस्तेमाल हथियार उपलब्ध कराने के आरोप में साहन और आसिफ की भूमिका की जांच की जा रही है। दोनों की तलाश के लिए पुलिस टीम को गंज बासौदा रवाना किया गया है। घटना के समय बाइक चला रहे तीसरे युवक की भूमिका की भी जांच की जा रही है। पुलिस ने आरोपी अलीम उर्फ अल्लू पुत्र आबिद, निवासी गैस राहत क्वार्टर, हाउसिंग बोर्ड, करोंद, भोपाल के खिलाफ धारा 103(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस उससे घटना के संबंध में आगे पूछताछ कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे