भोपाल: 1.20 करोड़ रुपये के लालच में 17 वर्षीय किशोर की हत्या, डॉक्टर बनकर रची साजिश
छोटे तालाब के धोबीघाट के पास मिले किशोर के शव की गुत्थी सुलझी, दो बालिग और तीन विधि-विरुद्ध बालक हिरासत में
भोपाल, 17 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भाेपाल में छोटे तालाब के धोबीघाट के पास मिले 17 वर्षीय किशोर के अंधे कत्ल का तलैया और श्यामला हिल्स पुलिस ने साेमवार काे खुलासा किया है। पुलिस ने मामले में 20 वर्षीय जोहेब खान, 18 वर्षीय आमिर कुरैशी और तीन विधि-विरुद्ध बालकों को हिरासत में लिया है।
पुलिस के अनुसार आरोपियों ने करीब 1.20 करोड़ रुपए कमाने के लालच में हत्या की साजिश रची थी। इस साजिश में जोहेब ने खुद को डॉक्टर बताकर नाबालिगों का भरोसा जीता और मोबाइल पर वीडियो दिखाकर उन्हें हत्या की योजना में शामिल किया।
मृतक की पहचान 17 वर्षीय रेहान के रूप में हुई है। वह इकबाल मैदान, मोती मस्जिद, रेतघाट, कमला पार्क, बस स्टैंड और रॉयल मार्केट क्षेत्र में पेन व चाबी के छल्ले बेचकर गुजर-बसर करता था। उसकी मां मजदूर नगर स्थित सुलभ कॉम्प्लेक्स में सफाई का काम करती है। बीती 10 अगस्त को छोटे तालाब के धोबीघाट के पास अज्ञात शव मिलने के बाद पुलिस ने शव बरामद कर पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम में पेट और पैर पर चोट के निशान मिले। इसके बाद अज्ञात आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मृतक की पहचान पुलिस के लिए बड़ी चुनौती थी। पुलिस ने मीडिया और सोशल मीडिया के जरिए जानकारी प्रसारित करने के साथ ही आसपास के क्षेत्रों में घर-घर जाकर फोटो दिखाए। 15 अगस्त को रेहान की मां रानी शाह थाने पहुंचीं। उन्होंने शव के बाएं हाथ पर बने टैटू के आधार पर उसकी पहचान अपने बेटे के रूप में की। परिजनों के अनुसार रेहान नियमित रूप से इकबाल मैदान और आसपास के इलाकों में सामान बेचता था। उसके लापता होने के बाद गुमशुदगी की रिपोर्ट भी दर्ज कराई गई थी।
खुद को डॉक्टर बताकर बनाया भरोसा
पुलिस की जांच में सामने आया कि करीब एक महीने पहले एक विधि-विरुद्ध बालक की पहचान जोहेब खान से हुई थी। पुलिस के मुताबिक जोहेब खुद को डॉक्टर और मेडिकल की पढ़ाई करने वाला बताता था तथा डॉक्टर जैसा पहनावा रखता था। इसी पहचान के जरिए उसने नाबालिगों का विश्वास हासिल किया। पुलिस के अनुसार जोहेब ने एक विधि-विरुद्ध बालक और उसके साथी आमिर को मोबाइल फोन पर एक वीडियो दिखाया। इसके बाद उन्हें कथित तौर पर निजी अंगों को निकालकर बेचने और इससे करीब 1.20 करोड़ रुपए कमाने का लालच दिया गया। इसके लिए 15-16 वर्ष की उम्र के किशोर को निशाना बनाने की बात कही गई।
100 रुपए देने का झांसा देकर रेहान को ले गए
पुलिस के मुताबिक 6 अगस्त को दो विधि-विरुद्ध बालक इकबाल मैदान पहुंचे और रेहान को खटलापुरा के पास कुछ लड़कों से विवाद होने की बात कहकर अपने साथ ले गए। उसे साथ चलने के बदले 100 रुपए देने का लालच दिया गया। रास्ते में रेतघाट के पास आमिर और एक अन्य विधि-विरुद्ध बालक भी उनके साथ हो गए। इसके बाद चारों रेहान को गिन्नौरी और किलोल पार्क होते हुए छोटे तालाब के धोबीघाट की ओर ले गए। पुलिस के अनुसार इस दौरान जोहेब मोबाइल फोन के जरिए आरोपियों के लगातार संपर्क में था। उसे फोन पर बताया गया कि जिस किशोर की तलाश थी, वह मिल गया है।
हत्या के बाद शव छोड़कर हुए फरार
पुलिस का कहना है कि छोटे तालाब के पास आरोपियों ने रेहान की हत्या कर दी। इसके बाद साजिश के तहत उसके शरीर के निजी अंग निकालने की कोशिश की गई। पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने इन्हें प्लास्टिक की थैली में रखा था। जांच में यह भी सामने आया कि जोहेब कथित तौर पर इन अंगों को बेचने में सफल नहीं हुआ। कुछ दिन बाद आरोपियों ने उन्हें वापस तालाब में फेंक दिया। पुलिस अब इस साजिश में शामिल अन्य लोगों की भूमिका और कथित खरीदारों के संबंध में भी जांच कर रही है।
सीसीटीवी और तकनीकी साक्ष्यों से आरोपियों तक पहुंची पुलिस
अंधे कत्ल के खुलासे के लिए तलैया और श्यामला हिल्स थाने की संयुक्त टीम ने मुखबिर तंत्र सक्रिय करने के साथ तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज की मदद ली। पूछताछ और जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंची। मामले में 20 वर्षीय जोहेब खान, 18 वर्षीय आमिर कुरैशी और तीन विधि-विरुद्ध बालकों को हिरासत में लिया गया है। पुलिस अन्य संदिग्धों की भूमिका की भी जांच कर रही है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, मामले के खुलासे में एसीपी कोतवाली संभाग संतोष पटेल, तलैया थाना प्रभारी निरीक्षक दीपक डहेरिया, श्यामला हिल्स थाना प्रभारी निरीक्षक नीलम पटवा सहित दोनों थानों की पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

