home page

भिंड: बीमारी से परेशान युवक ने लाइसेंसी बंदूक से गोली मारकर की आत्महत्या, घर के कमरे में मिला शव

 | 
भिंड: बीमारी से परेशान युवक ने लाइसेंसी बंदूक से गोली मारकर की आत्महत्या, घर के कमरे में मिला शव


भिंड, 01 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के भिंड जिले के गोहद थाना क्षेत्र के भिआनी गांव में गुरुवार सुबह एक युवक ने लाइसेंसी 12 बोर की बंदूक से गोली मारकर आत्महत्या कर ली। युवक पिछले करीब चार महीने से बीमारी से परेशान था। घटना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए गोहद अस्पताल भेजा और मामले की जांच शुरू कर दी।

पुलिस के अनुसार 28 वर्षीय सरनाम सिंह पुत्र पान सिंह कुशवाह गुरुवार सुबह करीब 10 बजे घर के एक कमरे में गया और अंदर से कुंडी लगा ली। कुछ देर बाद कमरे के अंदर से गोली चलने की आवाज सुनाई दी। परिवार के लोगों ने कमरे में जाकर देखा तो सरनाम सिंह खून से लथपथ पड़ा था। सूचना मिलने पर गोहद थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल की जांच के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा। घटना में इस्तेमाल हुई 12 बोर की लाइसेंसी बंदूक मृतक के पिता पान सिंह कुशवाह के नाम पर बताई गई है।

चार महीने से बीमारी से था परेशान

मृतक के पिता ने पुलिस को बताया कि सरनाम सिंह पिछले करीब चार महीने से बीमारी से परेशान था। मृतक की तीन बेटियां हैं। पुलिस फिलहाल घटना के कारणों और परिस्थितियों की जांच कर रही है। महेंद्र गौतम, एसडीओपी गोहद ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। घटना के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे