home page

भिंड: मेहगांव में मिली 25 वर्षीय विवाहिता की लाश, सिर पर धारदार हथियार से कई वार

 | 
भिंड: मेहगांव में मिली 25 वर्षीय विवाहिता की लाश, सिर पर धारदार हथियार से कई वार


हाथों पर बने टैटू बने पहचान का सुराग, पुलिस शिनाख्त और आरोपियों की तलाश में जुटी

भिंंड, 03 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के भिंड जिले के मेहगांव थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह एक अज्ञात विवाहिता का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। पिपरौली गांव के पास बीहड़ क्षेत्र में बंबा किनारे पड़ी महिला की लाश देखकर ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। प्रारंभिक जांच में महिला की बेरहमी से हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है।

पुलिस के अनुसार मृतका की उम्र करीब 25 वर्ष है। उसके सिर पर चार से पांच गहरे घाव मिले हैं, जिससे अंदेशा है कि किसी धारदार हथियार, संभवतः फावड़े से वार कर उसकी हत्या की गई है। घटनास्थल की स्थिति को देखते हुए पुलिस हत्या के विभिन्न पहलुओं की जांच कर रही है। मृतका गुलाबी रंग की साड़ी पहने हुई थी। उसके हाथों में गुलाबी चूड़ियां, गले में मंगलसूत्र तथा पैरों में चांदी की तौड़िया और बिछिया मिली हैं। इन आधारों पर पुलिस ने उसके विवाहित होने की संभावना जताई है।

टैटू से पहचान की कोशिश

महिला की पहचान के लिए पुलिस ने उसके शरीर पर मौजूद विशेष निशानों को आधार बनाया है। मृतका के बाएं हाथ पर स्टार का टैटू बना है, जबकि दाएं हाथ पर ‘ओम’ गुदा हुआ है। पुलिस का मानना है कि ये पहचान चिह्न उसकी शिनाख्त में महत्वपूर्ण साबित हो सकते हैं।

मेहगांव थाना प्रभारी महेश शर्मा ने बताया कि मृतका की फोटो और पहचान संबंधी विवरण आसपास के थाना क्षेत्रों और ग्रामीण इलाकों में भेजा गया है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि महिला स्थानीय क्षेत्र की है या किसी अन्य जिले से लाकर यहां शव फेंका गया है। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम हाउस में सुरक्षित रखवा दिया गया है। पुलिस हत्या का मामला दर्ज कर जांच में जुटी है तथा घटनास्थल के आसपास से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। महिला की पहचान होने के बाद हत्या की गुत्थी सुलझने की उम्मीद जताई जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे