भीमपुर थाना क्षेत्र में 55.5 लीटर नेपाली शराब के साथ एक गिरफ्तार
सुपौल, 25 फ़रवरी (हि.स.)।जिले के भीमपुर थाना क्षेत्र में रात्रि गश्ती के दौरान पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। नियमित वाहन जांच एवं गश्ती अभियान के क्रम में पुलिस टीम ने संदेह के आधार पर एक मोटरसाइकिल सवार को रोका और तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके पास से 55.5 लीटर नेपाली निर्मित ‘दिलवाले सोफी’ शराब बरामद की गई।
गिरफ्तार आरोपित संजय कुमार बहरदार (पिता- स्व. विद्यानंद बहरदार), निवासी मिल्की डुमरिया वार्ड संख्या-03, थाना फुलकाहा, जिला अररिया है। वह सुपर स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (रजिस्ट्रेशन नंबर BR38AA 2901) से शराब की खेप लेकर जा रहा था। पुलिस ने मोटरसाइकिल को भी जब्त कर लिया है।
प्राथमिक पूछताछ में पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि शराब की खेप कहां से लाई गई थी और इसे किस स्थान पर पहुंचाया जाना था। पुलिस इस मामले में संभावित तस्करी नेटवर्क की भी जांच कर रही है।
ज्ञात हो कि बिहार में पूर्ण शराबबंदी लागू है और अवैध शराब के निर्माण, परिवहन एवं बिक्री पर सख्त प्रतिबंध है। इसके बावजूद सीमावर्ती इलाकों से नेपाली शराब की तस्करी के मामले सामने आते रहते हैं। पुलिस द्वारा लगातार गश्ती एवं वाहन जांच अभियान चलाकर ऐसे अवैध कारोबार पर रोक लगाने का प्रयास किया जा रहा है। मामले में संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

