भीमपुर पुलिस ने 65 किलो गांजा किया बरामद, स्कॉर्पियो सहित बाइक जब्त
सुपौल, 10 अक्टूबर (हि.स.)। मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए भीमपुर थाना पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में कुल 65 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। कार्रवाई के दौरान एक स्कॉर्पियो वाहन व एक बाइक भी जब्त किया गया है। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के बीच हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार, पहले मामले में पुलिस ने 12 किलोग्राम गांजा बरामद किया। इस मामले में दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया हैं। गिरफ्तार दोनों तस्कर छातापुर थाना क्षेत्र के लालगज तिलाठी वार्ड नंबर 13 निवासी रमण कुमार झा उर्फ शंभु कुमार झा एवं दिलखुश कुमार ठाकुर बताया जा रहा है । वहीं, दूसरे मामले में पुलिस ने 53 किलोग्राम गांजा बरामद करने के साथ एक काले रंग की स्कॉर्पियो भी जब्त की है।
इस मामले में एक आरोपित को गिरफ्तार किया गया है । गिरफ्तार तस्कर की पहचान सहरसा जिला के बैजनाथपुर थाना क्षेत्र के खोजरी वार्ड नंबर 07 निवासी सुनील कुमार सुमन के पुत्र आदर्श कुमार बताया जा रहा है।
जानकारी देते एसडीपीओ दिलीप कुमार ने बताया कि दो अलग -अलग मामले में कुल 65 किलो गाँजा के साथ तीन तस्कर को गिरफ्तार किया गया है । मोके से एक स्कार्पियो वाहन व एक बाइक को जब्त किया गया है । दोनों मामलों में एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है । कहा कि गिरफ्तार तीनो तस्कर को जेल भेज दिया गया है ।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

