home page

भीमपुर में एनएच-27 किनारे अवैध डीजल-पेट्रोल बिक्री का धंधा जारी, प्रशासन पर उठे सवाल

 | 

सुपौल, 29 अप्रैल (हि.स.)। जिले के भीमपुर थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग 27 किनारे खुलेआम डीजल-पेट्रोल की अवैध बिक्री का मामला सामने आया है। स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, इस मार्ग से गुजरने वाले कई ट्रक चालक कम कीमत पर चोरी का पेट्रोल-डीजल सड़क किनारे दुकानदारों को बेच देते हैं। इसके बाद उक्त दुकानदार उसी ईंधन को ऊंचे दामों पर आम लोगों को बेच रहे हैं।

ग्रामीणों का कहना है कि यह अवैध कारोबार लंबे समय से जारी है और इसमें कई लोग संलिप्त हैं। सबसे चिंताजनक बात यह है कि यह गतिविधि खुलेआम हो रही है, बावजूद इसके स्थानीय पुलिस प्रशासन की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है। लोगों का आरोप है कि भीमपुर थाना के अधिकारियों की नजर के सामने यह धंधा फल-फूल रहा है, फिर भी इसे रोकने के लिए कोई सख्त कदम नहीं उठाया जा रहा है।

कुछ ग्रामीणों ने गुप्त सूचना के आधार पर यह भी आरोप लगाया है कि इस अवैध कारोबार में प्रशासनिक मिलीभगत हो सकती है, जिसके कारण कारोबारियों के हौसले बुलंद हैं। हालांकि, इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है। इस अवैध बिक्री से न केवल सरकार को राजस्व का नुकसान हो रहा है, बल्कि इससे सड़क सुरक्षा और आम उपभोक्ताओं के लिए भी खतरा बढ़ रहा है। स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन से इस मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई करने की मांग की है, ताकि इस अवैध धंधे पर जल्द से जल्द रोक लगाई जा सके।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र