भीमनगर में अवैध मुद्रा विनिमय रैकेट का भंडाफोड़, लाखों की नेपाली एवं भारतीय मुद्रा बरामद
सुपौल, 07 मई (हि.स.)। जिले के सीमावर्ती क्षेत्र भीमनगर में पुलिस ने अवैध मुद्रा विनिमय के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए नेपाली और भारतीय मुद्रा के बड़ा जखीरे बरामद किया है। इस कार्रवाई से सीमावर्ती इलाके में चल रहे अवैध वित्तीय नेटवर्क में हड़कंप मच गया है। पुलिस द्वारा सीमावर्ती क्षेत्रों में अवैध वित्तीय गतिविधियों एवं तस्करी के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में 6 मई 2026 को भीमनगर थाना अध्यक्ष को गुप्त सूचना मिली कि कुछ दुकानों के माध्यम से नेपाली एवं भारतीय मुद्रा का अवैध विनिमय किया जा रहा है। सूचना के आधार पर जिलाधिकारी सुपौल एवं पुलिस अधीक्षक सुपौल के निर्देश पर अनुमंडल दंडाधिकारी और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, वीरपुर के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया।
गठित टीम ने सहरसा चौक स्थित चंदन किराना दुकान एवं उदय किराना स्टोर में संयुक्त छापेमारी की। छापेमारी के दौरान कुल 10 लाख 34 हजार 230 नेपाली रुपये तथा 13 लाख 65 हजार 50 भारतीय रुपये बरामद किए गए। पुलिस अब बरामद नेपाली एवं भारतीय मुद्रा के स्रोत और लेन-देन से जुड़े दस्तावेजों की जांच कर रही है।
इस संबंध में भीमनगर थाना में कांड दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले में संलिप्त व्यक्तियों की पहचान करने तथा अवैध गतिविधियों के पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी हुई है। छापेमारी दल में राजेश कुमार चौधरी,मनीष कुमार,त्रिलोकी नाथ,पंकज कुमार, जय नंदन झा,बिपिन कुमार राम, सुफल हेम्ब्रम एवंजफीर आलम शामिल थे।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

