home page

(अपडेट)...भट्टा बस्ती में किशोर की चाकूमार कर हत्या, दो आरोपित हिरासत में

 | 
(अपडेट)...भट्टा बस्ती में किशोर की चाकूमार कर हत्या, दो आरोपित हिरासत में


जयपुर, 23 फ़रवरी (हि.स.)। भट्टा बस्ती थाना इलाके में मामूली कहासुनी के बाद किशोर की चाकू मारकर हत्या करने का मामला सामने आया है। गंभीर रूप से घायल युवक ने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपितों को हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है।

पुलिस के अनुसार घटना भोमिया जी की बस्ती की है। यहां रहने वाले आदिल का आसपास के कुछ युवकों से विवाद हो गया। देखते ही देखते कहासुनी झगड़े में बदल गई और आरोपितों ने आदिल पर चाकू से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल आदिल को अस्पताल पहुंचाया गया। जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए।

अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (उत्तर) बजरंग सिंह शेखावत ने बताया कि मृतक के परिजनों की शिकायत पर समीर, अरबाज सहित अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपितों को हिरासत में ले लिया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों पक्षों के बीच पहले भी कई बार कहासुनी और विवाद हो चुका था। रविवार रात मामूली बात को लेकर विवाद बढ़ गया और आरोपितों ने चाकू से हमला कर दिया।

घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया और कुछ लोग भट्टा बस्ती थाने के बाहर आरोपितों की गिरफ्तारी का मांग को लेकर थाने का बाहर प्रदर्शन कर रहे थे। तब पुलिस ने लाठीचार्ज कर लोगों को वहां से हटाने की कोशिश की। फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और पूरे मामले की गहन जांच जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश