अशोक विहार के पार्क में युवक की चाकू मारकर हत्या, महिला भी घायल
नई दिल्ली, 29 जुलाई (हि.स.)। उत्तर पश्चिमी जिले के अशोक विहार इलाके में बुधवार दोपहर पार्क में बैठे एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। हमले में उसके साथ मौजूद महिला भी घायल हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपित मौके से फरार हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपितों की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, बुधवार दोपहर करीब 3:33 बजे भारत नगर थाना पुलिस को पीसीआर कॉल के जरिए अशोक विहार में चाकूबाजी की सूचना मिली। पुलिस मौके पर पहुंची तो वहां देवकी (26) निवासी जहांगीरपुरी और सुनील (30) निवासी मैनपुरी घायल अवस्था में मिले।
प्रारंभिक पूछताछ में देवकी ने पुलिस को बताया कि वह सुनील के साथ पार्क में मौजूद थी। इसी दौरान तीन से चार अज्ञात युवक वहां पहुंचे। किसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर आरोपितों में से एक ने चाकू निकालकर सुनील और देवकी पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। वारदात के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।
गंभीर रूप से घायल सुनील को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। वहीं, देवकी का इलाज कराया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि महिला के बयान के आधार पर घटना की जांच की जा रही है।
पुलिस उपायुक्त आकांक्षा यादव के अनुसार आरोपितों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित की गई हैं। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और प्रत्यक्षदर्शियों से भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि विवाद किस बात को लेकर हुआ था और हमलावरों की पहचान क्या है। भारत नगर थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपितों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। मामले की जांच जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी

