अमेजन डिलीवरी फ्रॉड का पर्दाफाश, सुपरवाइजर गिरफ्तार, 35 लाख के घोटाले में 20 आईफोन बरामद
नई दिल्ली, 24 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर-पश्चिमी जिले के भारत नगर थाना पुलिस ने संगम पार्क चौकी की टीम के साथ मिलकर करीब 35 लाख रुपये के ई-कॉमर्स फ्रॉड का खुलासा करते हुए एक और आरोपित को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपित डिलीवरी नेटवर्क में सुपरवाइजर के पद पर तैनात था और पूरे गिरोह में उसकी अहम भूमिका सामने आई है।
उत्तर पश्चिमी जिले की पुलिस उपायुक्त आकांक्षा यादव ने शुक्रवार को बताया कि मामले में अब तक कुल 20 सीलबंद आईफोन बरामद किए जा चुके हैं। ताजा कार्रवाई में आरोपित मोहित (24) को गिरफ्तार किया गया है। उसकी निशानदेही पर छह आईफोन-16 मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। इससे पहले पुलिस 14 आईफोन बरामद कर चुकी थी। जांच के दौरान सामने आया कि आरोपित डिलीवरी सिस्टम में हेरफेर कर महंगे मोबाइल फोन की खेप को गलत तरीके से डायवर्ट कर देता था। इसके बाद इन सामानों को ठिकाने लगाकर आर्थिक लाभ कमाया जाता था। पुलिस का कहना है कि यह एक संगठित गिरोह है, जो ई-कॉमर्स कंपनियों की डिलीवरी चेन में सेंध लगाकर इस तरह की वारदातों को अंजाम दे रहा था।
पुलिस टीम ने तकनीकी निगरानी और फील्ड इंटेलिजेंस के आधार पर आरोपित की भूमिका का पता लगाया।इसके बाद संगम पार्क चौकी प्रभारी एसआई राजेश के नेतृत्व में एसआई नवीन और हेड कांस्टेबल राकेश की टीम ने सटीक कार्रवाई करते हुए आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपित ने पहले गिरफ्तार आरोपितों के साथ मिलकर साजिश में शामिल होने की बात कबूल की है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपित के खिलाफ पहले कोई आपराधिक रिकॉर्ड सामने नहीं आया है, लेकिन उसकी भूमिका इस संगठित फ्रॉड में बेहद अहम रही है। फिलहाल पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है और बाकी चोरी हुए मोबाइल फोन की बरामदगी के प्रयास जारी हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी

