home page

भंवरी देवी हत्याकांड के खिलाफ धरना 18वें दिन भी जारी

 | 
भंवरी देवी हत्याकांड के खिलाफ धरना 18वें दिन भी जारी


जोधपुर, 23 अगस्त (हि.स.)। बहुचर्चित भंवरीदेवी विश्नोई की हत्या के मामले में आरोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर धरना रविवार को 18वें दिन भी जारी रहा। मामले में अब तक खुलासा नहीं होने से नागरिकों में आक्रोश है। पूर्व विधायक किसनाराम विश्नोई के नेतृत्व में चल रहे धरने में फलोदी, जोधपुर सहित मारवाड़ के विभिन्न जिलों से संत, जनप्रतिनिधि और नागरिक पहुंच रहे हैं।

पूर्व विधायक किसनाराम विश्नोई ने बताया कि मृतका को न्याय दिलाने की मांग को लेकर धरनास्थल से जयपुर पैदल कूच करने और मुख्यमंत्री आवास के घेराव की चेतावनी दी गई है। जिला और पुलिस प्रशासन वादे से लगातार मुकर रहा है। हत्या के चौथे दिन जब आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर जिला अस्पताल की मोर्चरी के बाहर लोगों का धरना जारी था। तब जिला कलक्टर अंकित कुमार सिंह और पुलिस अधीक्षक सतनामसिंह धरना स्थल पर पहुंचे। पुलिस और प्रशासन ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पांच दिन का समय मांगा। जिला कलक्टर और पुलिस अधीक्षक ने आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने और निष्पक्ष जांच का भरोसा दिया। इस आश्वासन के बाद लोगों ने धरना समाप्त कर दिया। पर प्रशासन अपना वादा पूरा न कर सका तब दोबारा से यह धरना-प्रदर्शन किया जा रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश