भंवरी देवी की छोटी बेटी ने तुड़वाया 10 दिनों से जारी अनशन
जोधपुर, 16 अगस्त (हि.स.)। लोहावट क्षेत्र में बहुचर्चित भंवरी देवी विश्नोई हत्याकांड को लेकर चल रहा जनआंदोलन एक नए मोड़ पर पहुंच गया है। मामले का पर्दाफाश करने और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर पिछले दस दिनों से बेमियादी अनशन पर बैठे पूर्व विधायक किसनाराम विश्नोई समेत अन्य लोगों ने अपना अनशन समाप्त कर दिया। सर्व समाज के वरिष्ठ प्रबुद्धजनों, पूर्व कैबिनेट मंत्री सालेह मोहम्मद, जिला कांग्रेस अध्यक्ष सलीम नागौरी, पूर्व विधायक मलखान सिंह विश्नोई और मृतका भंवरी देवी की बेटी सोनू विश्नोई के सामूहिक आग्रह पर अनशनकारियों ने अनशन खत्म किया।
मृतका की बेटी सोनू ने अनशनकारियों को जूस पिलाकर अनशन तुड़वाया। हालांकि आंदोलनकारियों ने स्पष्ट किया है कि अनशन भले ही खत्म हो गया हो, लेकिन जब तक मामले का पूर्ण खुलासा नहीं हो जाता, तब तक धरना प्रदर्शन जारी रहेगा। दूसरी ओर, सरकार के निर्देश पर गठित विशेष जांच टीम (एसआइटी) ने लोहावट और आसपास के ग्रामीण इलाकों में अपनी गहन पड़ताल तेज कर दी है।
जांच टीम घटना से जुड़े हर पहलू, तकनीकी साक्ष्यों और कॉल डिटेल रिकॉर्ड्स को खंगालने में जुटी है, जिससे मामले में कुछ नए एंगल और अहम सुराग सामने आने का दावा किया जा रहा है। जांच एजेंसी द्वारा मामले को सुलझाने के लिए कई कदम उठाए जा रहे हैं। पुराने और नए कॉल डिटेल्स, लोकेशन ट्रेसिंग और डिजिटल साक्ष्यों को दोबारा खंगाला जा रहा है। मामले से जुड़े संदिग्धों और प्रत्यक्षदर्शियों से गहन पूछताछ का दौर भी जारी है। पड़ताल में कुछ नए सुराग मिले हैं, जिनके आधार पर जांच टीम थ्योरी तैयार कर साक्ष्य जुटा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

