बीना: पुरानी रंजिश में किराना दुकान पर खूनी संघर्ष, पेट्रोल डालकर फूंकने की कोशिश
सागर, 12 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सागर जिले के बीना के भानगढ़ क्षेत्र में मंगलवार को पुरानी रंजिश के चलते दो पक्षों में खूनी संघर्ष हो गया। आरोपियों ने न केवल किराना दुकान में तोड़फोड़ की, बल्कि उस पर पेट्रोल डालकर आग लगाने का भी प्रयास किया। इस दौरान हुई फायरिंग में एक व्यक्ति के चेहरे पर छर्रे लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद सागर रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह करीब 8 बजे अनिल कुमार जैन और जिनेंद्र जैन के परिवार के बीच पुरानी रंजिश को लेकर गाली-गलौज और विवाद हुआ। घटना के बाद जिनेंद्र जैन का परिवार शिकायत दर्ज कराने थाने भी पहुँचा था, लेकिन पारिवारिक स्तर पर समझौते की संभावना को देखते हुए वे बिना मामला दर्ज कराए वापस लौट आए।
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि सुबह करीब 11 बजे जब वे अपनी दुकान पर थे, तभी अनिल कुमार जैन, अभय जैन और उनके साथियों ने अचानक हमला बोल दिया। हमलावरों ने दुकान में जमकर तोड़फोड़ की और पेट्रोल छिड़ककर उसे जलाने की कोशिश की। जब परिवार ने इसका विरोध किया, तो आरोपियों ने महिलाओं समेत 6 लोगों के साथ मारपीट की। इसी बीच हमलावरों ने बंदूक से फायरिंग कर दी। गोली के छर्रे जिनेंद्र जैन (52 वर्ष) के मुंह पर लगे, जिससे वे लहूलुहान होकर गिर पड़े।
इस हिंसक झड़प में जैन परिवार के कुल 6 सदस्य घायल हुए हैं जिनमें जिनेंद्र जैन (गंभीर - सागर रेफर), गौरव जैन (26 वर्ष), अभय जैन, पिंकी जैन (45 वर्ष), शशि जैन, जया जैन हैं। बताया जा रहा है कि पीड़ित परिवार के कुछ सदस्य राहतगढ़ से मुंगावली अपनी रिश्तेदारी में जा रहे थे। रास्ते में वे भानगढ़ स्थित जिनेंद्र जैन के निवास पर रुके थे, तभी यह हमला हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुँचा और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुँचाया और आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस मुस्तैद है और हमलावरों की तलाश जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे

