मजलिस पार्क मेट्रो के पास दर्दनाक हादसा, बाइक सवार दो युवकों की मौत
नई दिल्ली, 27 अप्रैल (हि.स.)। बाहरी उत्तरी जिले के भलस्वा डेयरी थाना क्षेत्र में रविवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। हादसा वजीराबाद की ओर जाने वाले लूप रोड पर मजलिस पार्क मेट्रो स्टेशन के पास हुआ। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक राहगीर दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचा चुके थे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के मुताबिक, रविवार रात करीब नौ बजे सूचना मिली कि रिंग रोड से वजीराबाद जाने वाले लूप रोड पर एक सफेद रंग की मोटरसाइकिल दुर्घटनाग्रस्त हालत में पड़ी है। मौके पर पहुंची पुलिस टीम को नाले के पास बाइक लावारिस हालत में मिली। जांच के दौरान पता चला कि बाइक पर सवार दो युवकों को गंभीर हालत में राहगीर बाबू जगजीवन राम अस्पताल ले गए थे। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान सफ अली (20) निवासी संगम विहार, बुराड़ी और शाहिद निवासी ई-1789, जेजे कॉलोनी, बवाना के रूप में हुई है।
पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए बीजेआरएम अस्पताल की मोर्चरी में सुरक्षित रखवा दिया है। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि बाइक अनियंत्रित होकर फिसल गई या किसी अज्ञात वाहन की टक्कर से हादसा हुआ, हालांकि प्रत्यक्षदर्शी सामने नहीं आने के कारण दुर्घटना की सटीक वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है।
भलस्वा डेयरी थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 281 और 106(1) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मामले की आगे की जांच आउटर नॉर्थ जिला की एमएसीटी सेल को सौंप दी गई है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि हादसे के कारणों का पता लगाया जा सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी

