ऑटो में छूट गया 5 लाख रुपये से भरा बैग, कुछ घंटों में पुलिस ने खोज निकाला
नई दिल्ली, 07 अगस्त (हि.स.)। इलाज के लिए जुटाए गए पांच लाख रुपये से भरा बैग ऑटो में छूटने के बाद परेशान व्यक्ति को कुछ ही घंटों में पुलिस ने राहत पहुंचा दी। भलस्वा डेयरी थाना पुलिस ने तकनीकी जांच और तत्परता दिखाते हुए ऑटो चालक को तलाश लिया। चालक के पास बैग सुरक्षित मिला और उसमें रखे पूरे पांच लाख रुपये बरामद कर लिए गए। पुलिस ने सत्यापन के बाद पूरी रकम उसके असली मालिक को सौंप दी।
पुलिस के अनुसार, किराड़ी निवासी चमन अपने एक रिश्तेदार से मिलने एलएनजेपी अस्पताल जा रहे थे। रिश्तेदार का अस्पताल में इलाज चल रहा है। इलाज के खर्च के लिए उन्होंने पांच लाख रुपये की नकदी जुटाई थी और उसे एक बैग में रखकर ऑटो से अस्पताल जा रहे थे।
चमन 06 अगस्त को मुकुंदपुर चौक, भलस्वा पहुंचे। वहां एक दोस्त से मिलने के लिए उन्होंने ऑटो से उतरते समय बैग वाहन में ही छोड़ दिया। कुछ देर बाद जब उन्हें बैग याद आया तो ऑटो वहां से जा चुका था। बैग में पांच लाख रुपये होने के कारण वह घबरा गए और तुरंत भलस्वा डेयरी थाने पहुंचे। उन्होंने पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने तत्काल जांच शुरू की। एसआई मुकुल और कांस्टेबल संदीप की टीम ने आसपास के इलाके की जानकारी जुटाने के साथ तकनीकी माध्यमों से ऑटो की पहचान करने का प्रयास किया। लगातार जांच के बाद पुलिस टीम ऑटो और उसके चालक तक पहुंच गई। पुलिस ने जब चालक से संपर्क किया तो उसने बताया कि उसे ऑटो के अंदर एक बैग मिला था। चालक ने बैग अपने पास सुरक्षित रखा था और पुलिस को सूचना मिलने पर वह उसे लेकर पहुंच गया। पुलिस ने बैग की जांच की तो उसमें पांच लाख रुपये की पूरी नकदी मौजूद थी। इसके बाद आवश्यक सत्यापन और कागजी कार्रवाई पूरी कर पुलिस ने पूरी रकम चमन को सौंप दी।
रकम वापस मिलने पर चमन ने दिल्ली पुलिस और ऑटो चालक का आभार जताया। उन्होंने पुलिस की तत्परता और चालक की ईमानदारी की सराहना की। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, थाना भलस्वा डेयरी के एसएचओ इंस्पेक्टर राकेश राणा की निगरानी में पूरी कार्यवाही की गई।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी

