प्रेम प्रसंग के चलते भाई ने गला दबाकर की बहन की हत्या, शव को कुएं में फेंका
फतेहपुर, 13 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में शनिवार को ससुराल से मायके लिवा कर आ रहे भाई ने रास्ते में बहन की गला दबाकर हत्या कर दी और शव को पास के कुएं में फेंक दिया। आरोपी खुद सुबह हसवा चौकी पहुंचा और पुलिस को पूरी वारदात बताई।
थरियांव थाना क्षेत्र के धनवा गांव निवासी संदीप यादव पुत्र शिवसिंह यादव कल शुक्रवार को अपनी बहन रंजू यादव पत्नी अजय यादव की ससुराल राधानगर क्षेत्र के सोनई बड़नपुर गांव गया था। बहन की शादी डेढ़ महीने पहले हुई थी। आज वह बहन को मायके से लेकर गांव धनवा आ रहा था। रास्ते में दोनों के बीच कहासुनी हुई।
रंजू यादव का शादी से पूर्व किसी दूसरे समुदाय के युवक से संबंध था। इसी बात को लेकर दोनों भाई -बहन में वाद-विवाद होने लगा। भाई के मना करने पर भी बहन अपने प्रेमी संग जाने पर आमादा रही। हस्वा गांव के पास आक्रोशित भाई ने बहन की गला दबा कर हत्या कर दी। हत्या के बाद शव को कुएं में फेंक दिया।
हत्या के बाद आरोपी भाई हसवा चौकी पहुंच गया और पुलिस के सामने अपना जुर्म कबूल कर लिया। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस परिजनों को साथ लेकर घटनास्थल पहुंची और शव को कुएं से बाहर निकाला।
पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि कुएं से शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मृतक महिला के परिजनों की तहरीर पर आरोपी भाई के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / देवेन्द्र कुमार

