home page

भदोही : दो पक्षों में पुरानी रंजिश में मारपीट और फायरिंग, गंभीर रुप से घायल महिला समेत तीन लोग वाराणसी रेफर

 | 
भदोही : दो पक्षों में पुरानी रंजिश में मारपीट और फायरिंग, गंभीर रुप से घायल महिला समेत तीन लोग वाराणसी रेफर


लखनऊ, 27 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के भदोही जनपद में कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत नयेपुरा नेवादा कलां गांव में मंगलवार सुबह दो पक्षों में विवाद गोलीबारी तक पहुंच गया। इस गोलीबारी में दोनों पक्षों से महिला समेत तीन लोगों को गोली लगी हैं और उनकी हालत गंभीर बनी हुई हैं। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद वाराणसी रेफर कर दिया गया। वहीं घटना की जांच में पुलिस की टीमें जुट गई हैं।

जानकारी के मुताबिक, कोतवाली के नयेपुरा नेवादा कलां गांव में रहने वाले रणधीर सिंह और रविंद्र सिंह के बीच किसी बात को लेकर विवाद चला आ रहा है। इस पुरानी रंजिश के चलते मंगलवार सुबह एक बार फिर दोनों पक्ष आमने सामने आ गए। आरोप है कि रविंद्र सिंह ने परिवार के साथ मिलकर रणधीर के परिवार को घसीटकर मारपीट की। इस मारपीट के दौरान फायरिंग भी की गई है। जिसमें रणधीर सिंह उर्फ रंधा (45) और उनकी पत्नी बबिता सिंह (41) घायल हो गए हैं। वहीं रविंद्र सिंह की ओर से अपने नाना के घर आया संदीप सिंह (24) पुत्र राज बहादुर सिंह निवासी अस्ति भी घायल हो गया।

घटना के संबंध में अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल ने बताया कि मंगलवार सुबह करीब 5:30 बजे डायल 112 पर पुलिस को सूचना मिली नवेदा गांव निवासी रणधीर सिंह और उनकी पत्नी बबीता को पुरानी रंजिश के चलते विपक्षी रविंद्र सिंह और उनके परिवार वालों के साथ मारपीट की है। इस सूचना के मिलते ही थाना प्रभारी और सीओ पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस टीम ने तीनों घायलों को उपचार के लिए एमबीएस अस्पताल भेजा, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें वाराणसी रेफर कर दिया गया।

एएसपी ने बताया कि शुरूआती जांच में पता चला है कि करीब एक साल पूर्व दोनों परिवारों के लड़का-लड़की एक साथ भाग गए थे, तभी से दोनों परिवारों के बीच तनाव और रंजिश चली आ रही है। करीब 15 दिनों पूर्व भी दोनों पक्षो में विवाद हुआ था, जिस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने कार्रवाई की थी। इसी मामले में दोनों के बीच आज भी विवाद के बाद मारपीट की बात सामने आ रही है।

एएसपी ने बताया कि घटना के संबंध में गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जा रहा है और घटनास्थल के आसपास सीसीटीवी से फुटेज निकाले जा रहे हैं। दोषी पक्ष के खिलाफ जांच करते हुए अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मोहित वर्मा