home page

छग : ऑनलाइन सट्टा गिरोह का मास्टर माइंड बाबू खेमानी सहित मुम्बई व गोवा से सात आरोपित गिरफ्तार, एक पैनल नेटवर्क ध्वस्त

 | 
छग : ऑनलाइन सट्टा गिरोह का मास्टर माइंड बाबू खेमानी सहित मुम्बई व गोवा से सात आरोपित गिरफ्तार, एक पैनल नेटवर्क ध्वस्त


छग : ऑनलाइन सट्टा गिरोह का मास्टर माइंड बाबू खेमानी सहित मुम्बई व गोवा से सात आरोपित गिरफ्तार, एक पैनल नेटवर्क ध्वस्त


रायपुर, 17 अप्रैल (हि.स.)। रायपुर पुलिस की एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट ने ऑनलाइन सट्टेबाजी के अंतरराज्यीय गिरोह के मास्टरमाइंड बाबू खेमानी को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही मुंबई और गोवा में एक साथ दबिश देकर कुल सात आरोपितों को पकड़ा है। इस पूरे मामले में अब तक 27 आरोपिताें की गिरफ्तारी हो चुकी है।

सट्टेबाजी के एक पैनल नेटवर्क को ध्वस्त करने में पुलिस को सफलता हाथ लगी है। आरोपितों के कब्जे से तीन लैपटॉप, 18 मोबाईल फोन, एक राउटर, एक केल्क्यूलेटर, सट्टा के हिसाब-किताब का कापी एक, 10 एटीएम कार्ड, एक एक्सटेंशन बॉक्स तथा एक बीएमडब्ल्यू कार जब्त की गई है। कुल जब्ती की कीमत करीब 60 लाख रुपये आंकी गई है। आरोपितों के विरूद्ध थाना गंज में छग जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 7, 112(2) बीएनएस का अपराध पंजीबद्ध किया गया है ।

पुलिस अधिकारियों द्वारा इस संबंध में आज शुक्रवार को मीडिया को जानकारी देते हुए बताया गया कि, 13 अप्रैल 2026 को एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट की टीम नेे गंज थाना क्षेत्रांतर्गत रेलवे स्टेशन के पास एक व्यक्ति को चारपहिया वाहन में ऑनलाइन सट्टा खेलाते हुए पकड़ा है। पूछताछ में जानकारी प्राप्त कर उडीसा, महाराष्ट्र में रेड कार्यवाही कर प्रकरण में अभी तक 20 आरोपितों को गिरफ्तार कर कब्जे से कुल 10 लैपटाप, 87 मोबाईल फोन, तीन एलईडी, नगदी रकम एक लाख 95 हजार रुपये, विभिन्न बैंको के कुल 72 एटीएम कार्ड, 23 सिम कार्ड, तीन चेकबुक, एक पासबुक, एक कार, तीन वाईफाई राउटर तथा सट्टा का हिसाब-किताब 03 कापी कुल कीमत लगभग 60 लाख रुपये जब्त किया गया था।

प्रकरण की गंभीरता को देखते हुये लगातार मास्टर माईंड बाबू खेमानी व उसके भाई करण खेमानी की पतासाजी हेतु एण्टी क्राइम एण्ड साईबर यूनिट की टीम द्वारा पुलिस उपायुक्त (क्राईम एवं सायबर) स्मृतिक राजनाला के निर्देशन में मुम्बई व गोवा में एक साथ रेड़ की गई।

मुम्बई रेड कार्रवाई में टीम द्वारा रेड करने पर मौके से बाबू खेमानी, रोहित सिंह, विशाल कश्यप को मुम्बई से गिरफ्तार किया गया। जिनके कब्जे से एक लैपटाप, एक बीएमडब्ल्यू कार, चार मोबाईल फोन जब्त किया गया है।

पूछताछ में पता चला कि, बाबू खेमानी का एक ऑनलाइन पैनल गोवा में संचालित है, जहां रेड कार्रवाई करने पर लाइन का पैनल मिला व मौके से 4 आरोपितों को गिरफ्तार कर कब्जे से दाे लैपटॉप, 14 मोबाईल फोन, एक राउटर, एक केल्क्यूलेटर, सट्टा हिसाब-किताब का कापी एक, 10 एटीएम कार्ड एवं एक एक्सटेंशन बोर्ड जब्त किया गया।

प्रकरण के मास्टर माईंड बाबू खेमानी ने बताया कि, 2.5 वर्ष पूर्व अपने भाई करण खेमानी और अन्य रायपुर के सट्टा पैनल संचालित करने वालों के साथ मिलकर रायपुर में सट्टा संचालित करने की योजना बनायी। चूंकि सोशल मीडिया इन्फ्लूऐंजर था उसके बहुत फालोअर थे, उसका फायदा उठाकर हाई प्रोफाईल सट्टा खेलने वालों लोगों से संपर्क किया और शुरूवात में मेट्रो, कलर 777, क्लासिक एक्स 99 बैटिंग एप का संचालन किये। दिनांक 16 अक्टूबर 2023 को थाना खम्हारडीह में इसका भाई करण खेमानी अन्य 3 आरोपितों के साथ पकड़ा गया, जिसमें थाना खम्हारडीह में अपराध क्रमांक 407/23 धारा 4क जुआ एक्ट, 5, 6, 7 छग जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 का अपराध पंजीबद्ध किया गया था। उसके बाद डर से इन तीनों एप का संचालन बंद कर दिया गया, उसके बाद पुनः 3 स्टंप, 55 एक्सचेंज नाम से आईडी बनायी और निश्चित योजना के तहत् बाबू एवं करण खेमानी ने पुराने ग्राहकों को 3 स्टंप, 55 एक्सचेंज पैनल में जोड़ा, जो लगातार सट्टा खेल रहे थे। चूंकि रायपुर पुलिस का बहुत दबाव रहता है इसलिये बाबू एवं करण खेमानी ने रायपुर के बाहर अन्य राज्य में पैनल संचालित करने की योजना बनायी। कमलेश देवांगन को कलेक्शन एजेंट का काम दिया। रोहित सिंह देशभर में पैनल या आईडी बांटने का काम करता था। विशाल कश्यप का काम लेन-देन के लिये खाता कलेक्शन का था। विशाल कश्यप द्वारा दिये गये बैंक खातों में रकम का लेन-देन होता था। देशभर से खाता देने वालों एजेंटो से 20-30 हजार रूपये में खाता लेते थे।

आरोपित रकम लेन-देन हेतु कर रहे थे म्यूल खातों का उपयोग करते थे। आरोपितों द्वारा किराये में लिये गये है म्यूल खाते, खाता धारकों की जानकारी एकत्र कर खाता धारकों की भी गिरफ्तारी शीघ्र की जायेगी। बैंक खातों की जांच में करोड़ो का ट्रांजक्शन मिला है।

पूछताछ में ज्ञात हुआ कि बाबू खेमानी वर्ष 2011 में दुबई, वर्ष 2023 में थाईलैंड/बैंकाक तथा वर्ष 2025 में 03 बार दुबई गया है। इसके विदेशों के कनेक्शन की भी जांच की जा रहीं है, प्रकरण में दबावपूर्वक सट्टे की रकम वसूलने की भी जानकारी प्राप्त हुई है जिस संबंध में पृथक से पूछताछ कर अग्रिम कार्यवाही की जायेगी।

बाबू खेमानी के भाई करण खेमानी के विरूद्ध भी थाना खम्हारडीह में अपराध क्रमांक 407/23 धारा 4क जुआ एक्ट, 5, 6, 7 छ.ग. जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 का अपराध पंजीबद्ध है। बाबू खेमानी के विरूद्ध भी प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत् भी कार्यवाही की गई है।

गिरफ्तार आरोपितों में (मुम्बई से) - गुलशन उर्फ बाबू खेमानी निवासी आमानाका रायपुर, रोहित सिंह निवासी टाटीबंध रायपुर, विशाल कश्यप निवासी सतनामी पारा टाटीबंध रायपुर।

गिरफ्तार आरोपितों में (गोवा से) - लक्ष्मण ढ़ोबर निवासी नागपुर महाराष्ट्र, आशीष जाधव निवासी अकोला महाराष्ट्र, रंजीत कुमार पासवान निवासी ग्राम कोहरई उ.प्र., वैभव खण्डेलवाल निवासी नागपुर महाराष्ट्र।

उल्लेखनीय है कि, वर्ष 2026 में कमिश्नरेट प्रणाली लागू होने के पश्चात् अब तक एण्टी क्राइम एण्ड साइबर यूनिट की टीम ऑनलाइन सट्टा के प्रकरणों में कार्रवाई करते हुये 11 प्रकरण में 64 आरोपितों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से नगदी रकम 66,50,888, मोबाइल फोन - 207 नग, लैपटॉप - 19 नग, चारपहिया वाहन - 08 नग, दोपहिया वाहन - 04 नग सहित अन्य मशरूका कीमती लगभग 2 करोड़ 96 लाख 64 हजार 800 रुपये जब्त किया गया है।

हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर