गन्ने के खेत में मिला 15 वर्षीय किशोर का शव, हत्या की आशंका
बेतिया, 16 अक्टूबर (हि.स.)।
पश्चिम चंपारण के लौरिया थाना क्षेत्र के लोहरपटिया गांव में शुक्रवार को शायरी माई स्थान के समीप गन्ने के खेत से 15 वर्षीय किशोर का शव मिलने से सनसनी फैल गई।
मृतक की पहचान बसवरिया पराउटोला पंचायत के डुमरा गांव निवासी जोखू साह के पुत्र सुजीत कुमार के रूप में हुई है। उसके माथे पर गंभीर चोट और गर्दन पर धारदार हथियार से वार के निशान मिले हैं। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है।
परिजनों के अनुसार, सुजीत शुक्रवार सुबह पूजा के लिए फूल चुनने घर से निकला था। काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर उसकी तलाश शुरू की गई। खोजबीन के दौरान शायरी माई स्थान से गन्ने के खेत तक फूल बिखरे मिले। उन्हीं के सहारे खेत में पहुंचे परिजनों ने शव देखा।
सूचना पर थानाध्यक्ष इंद्रजीत पासवान पुलिस बल के साथ पहुंचे। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल की जांच की, जबकि डॉग स्क्वायड को कोई ठोस सुराग नहीं मिला। सुजीत दसवीं का छात्र था और अगले वर्ष मैट्रिक की परीक्षा देने वाला था।
पुलिस के अनुसार, पिता ने आवेदन दिया है, लेकिन किसी को नामजद नहीं किया है। शव पोस्टमार्टम के लिए जीएमसीएच, बेतिया भेजा जा रहा है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं पर जांच कर रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / अमानुल हक

