बेतिया में 124.47 लीटर विदेशी शराब बरामद, कारोबारी फरार
बेतिया, 22 अक्टूबर (हि.स.)। जिले में नौतन थाना क्षेत्र के दक्षिण तेलहुआ पंचायत स्थित शाह टोला में नौतन पुलिस ने छापेमारी कर भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की है। शराब कन्हैया साह के दरवाजे से ई-रिक्शा पर लदी हुई बरामद की गई। पुलिस की इस कार्रवाई में कुल 124.47 लीटर विदेशी शराब जब्त की गई है। हालांकि, पुलिस की भनक लगते ही कथित शराब कारोबारी मौके से फरार हो गया।
थानाध्यक्ष राजीव कुमार के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई के बाद इलाके में शराब कारोबारियों के बीच हड़कंप मच गया है। पुलिस फरार कारोबारी की तलाश में जुटी है। बरामद शराब के मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
उल्लेखनीय है कि नौतन थाना क्षेत्र में दो दिन पहले भी पुलिस ने भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की थी। लगातार हो रही बरामदगी से क्षेत्र में अवैध शराब कारोबार का मामला एक बार फिर चर्चा में है। पुलिस की कार्रवाई से शराब के अवैध धंधे में संलिप्त लोगों के बीच बेचैनी बढ़ गई है।
हिन्दुस्थान समाचार / अमानुल हक

