home page

बेलागंज में अपहरण कांड का पुलिस ने किया खुलासा, युवक सकुशल बरामद

 | 
बेलागंज में अपहरण कांड का पुलिस ने किया खुलासा, युवक सकुशल बरामद


सुपौल, 29 सितंबर (हि.स.)। भीमपुर थाना क्षेत्र के बेलागंज वार्ड संख्या 15 में एसएच-91 के समीप 28 सितंबर 2026 को हुए अपहरण कांड का पुलिस ने खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस के अनुसार, अपहृत युवक जिशान खान को अररिया पुलिस एवं एसटीएफ की सहायता से सकुशल बरामद कर लिया गया है। मामले में घटना में प्रयुक्त चार पहिया वाहन को जब्त करते हुए एक आरोपी को हिरासत में लिया गया है।

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया। एसआईटी के नेतृत्व में तीन से चार अलग-अलग छापामारी दल गठित किए गए, जिन्हें अपहृत युवक की बरामदगी और घटना में शामिल आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगाया गया था। पुलिस टीमों ने विभिन्न संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की।

पुलिस के अनुसार, तकनीकी एवं मानवीय सूचना के आधार पर अररिया पुलिस और एसटीएफ की मदद से जिशान खान को सकुशल बरामद करने में सफलता मिली। बरामद युवक का पता महद्दीपुर, थाना छातापुर, जिला सुपौल बताया गया है।

पुलिस के मुताबिक, प्रारंभिक पूछताछ में घटना के पीछे अवैध कारोबार से जुड़े रुपये के लेन-देन का पुराना विवाद सामने आया है। पुलिस इस बिंदु पर भी जांच कर रही है कि विवाद किस स्तर पर था और इसके आधार पर अपहरण की घटना को किस तरह अंजाम दिया गया। पुलिस ने बताया कि पूछताछ और जांच के दौरान घटना में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान की जा चुकी है। उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस टीम संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। पुलिस के अनुसार, मामले में बरामद वाहन और हिरासत में लिए गए आरोपी से पूछताछ की जा रही है। पूछताछ एवं जांच के आधार पर घटना से जुड़े अन्य तथ्यों का सत्यापन किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल सभी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई जारी है। अपहरण के बाद युवक की सकुशल बरामदगी से पुलिस ने राहत की सांस ली है। हालांकि, घटना में शामिल सभी आरोपियों की गिरफ्तारी और अपहरण के पूरे घटनाक्रम को लेकर पुलिस की जांच अभी जारी है।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र