home page

जबलपुर : बेलखेड़ा में कार की टक्कर से युवक-युवती की मौत, हादसे के बहाने हत्या की आशंका

 | 
जबलपुर : बेलखेड़ा में कार की टक्कर से युवक-युवती की मौत, हादसे के बहाने हत्या की आशंका


जबलपुर, 05 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले के बेलखेड़ा थाना क्षेत्र के गुबराकलां गांव के पास गुरुवार शाम कार की टक्कर से मोटरसाइकिल सवार युवक-युवती की मौत हो गई। हादसे के बाद कार चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। घटनास्थल के हालात और कार पर मिले संदिग्ध निशानों को देखते हुए पुलिस ने दुर्घटना के बहाने हत्या किए जाने की आशंका जताई है। पुलिस मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है।

पुलिस के मुताबिक, शाम करीब 5 बजे गुबराकलां के पास बिना नंबर की कार ने मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में गुबराकलां निवासी जागृति महलोनिया और पाटन के उड़ना निवासी प्रशांत लोधी की मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों के शव पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजे। प्रारंभिक जांच में कार बेलखेड़ा के रजौला गांव की बताई जा रही है।

पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया कि टक्कर इतनी भीषण थी कि युवती कार के कांच से टकराई और उसके बाद कार से चिपक गई। दुर्घटनास्थल पर कार करीब 25 मीटर तक सड़क पर घिसटती हुई गई, जिसके निशान सड़क पर मिले हैं।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कार की नंबर प्लेट स्पष्ट दिखाई नहीं दे रही थी। नंबर प्लेट पर खेत की मिट्टी पुती हुई थी, जिससे वाहन की पहचान छिपाने की आशंका जताई जा रही है। हादसे के बाद चालक का कार छोड़कर भाग जाना भी पुलिस के संदेह को मजबूत कर रहा है। पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला सामान्य सड़क दुर्घटना से अलग प्रतीत हो रहा है। हादसे के पीछे किसी साजिश या जानबूझकर टक्कर मारने की आशंका सहित सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है। जांच के बाद ही घटना की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक