home page

बेलदा में रेलगेट के पास असम के युवक का शव बरामद

 | 
बेलदा में रेलगेट के पास असम के युवक का शव बरामद


मेदिनीपुर, 28 सितंबर (हि.स.)। पश्चिम मेदिनीपुर जिले के बेलदा में सोमवार सुबह रेलगेट के समीप नाले से एक युवक का शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान डेविड तिग्गा के रूप में हुई है। वह असम का निवासी बताया गया है।

स्थानीय सूत्रों के अनुसार डेविड हैदराबाद से एक रिश्तेदार और दो दोस्तों के साथ असम स्थित अपने घर लौट रहे थे। सभी 15646 चार्ला पल्ली एक्सप्रेस से यात्रा कर रहे थे। साथ मौजूद रिश्तेदार के अनुसार, बेलदा रेलवे स्टेशन के समीप सशिंदा 26 नंबर रेलगेट के पास डेविड अचानक चलती ट्रेन से नीचे कूद गए।

घटना के बाद ट्रेन के टीटी और रेलवे पुलिस की मदद से उनके साथ मौजूद लोगों ने रात में ही आसपास उनकी तलाश शुरू की। अंधेरे के कारण काफी देर तक खोजबीन के बावजूद डेविड का पता नहीं चल सका। इसके बाद उनके रिश्तेदार और दोस्तों ने खड़गपुर जीआरपी में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई।

सोमवार सुबह रेलवे पुलिस की तलाश के दौरान सशिंदा 26 नंबर रेलगेट के समीप नाले से डेविड का शव बरामद किया गया। बाद में बेलदा थाने की पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता