वृद्धा से साढ़े तीन लाख रुपये की छिनतई, बाइक सवार दो आरोपित फरार
मेदिनीपुर, 19 सितंबर (हि.स.)। पश्चिम मेदिनीपुर जिले के बेलदा थाना से कुछ ही दूरी पर शनिवार को दिनदहाड़े एक वृद्धा से साढ़े तीन लाख रुपये की छिनतई का मामला सामने आया है। आरोप है कि मोटरसाइकिल सवार दो व्यक्ति वृद्धा के हाथ से बैग छीनकर फरार हो गए। बैग में करीब साढ़े तीन लाख रुपये के अलावा दो मोबाइल फोन भी थे। घटना के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, बेलदा की रहने वाली एक वृद्धा ने ऋण की राशि चुकाने के लिए भारतीय स्टेट बैंक से करीब साढ़े तीन लाख रुपये निकाले थे। बैंक से रुपये निकालने के बाद वह बैग में नकदी लेकर घर की ओर जा रही थीं। बेलदा थाना के पास पहुंचते ही मोटरसाइकिल पर सवार दो व्यक्ति उनके पास पहुंचे। आरोप है कि इसी दौरान दोनों ने अचानक उनके हाथ से बैग छीन लिया और मोटरसाइकिल से तेजी से फरार हो गए।
छिनतई की घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। वृद्धा ने बताया कि बैग में करीब साढ़े तीन लाख रुपये की नकदी के साथ दो मोबाइल फोन भी रखे थे। घटना की जानकारी बेलदा थाना को दी गई है।
थाना से थोड़ी दूरी पर और दिनदहाड़े हुई इस घटना से स्थानीय लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता है। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। आरोपितों की पहचान के लिए आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपितों ने वृद्धा का बैंक से ही पीछा किया था या नहीं।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और मोटरसाइकिल सवार दोनों आरोपितों की तलाश जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

