बेलदा में नगदी और जेवरात की लूट, 24 घंटे में एक आरोपित गिरफ्तार
खड़गपुर, 13 मई (हि.स.)। पश्चिम मेदिनीपुर जिले के बेलदा क्षेत्र में 60 हजार रुपये नगद और सोने के गहनों की लूट के मामले में पुलिस ने एक आरोपित को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपित को गुरुवार दोपहर दांतन अदालत में पेश किया गया।
जानकारी के अनुसार, नारायणगढ़ ब्लॉक के बखराबाद ग्राम पंचायत के जंगुरिया इलाके के निवासी सुभल चंद्र माइती बुधवार को बेलदा स्थित एक को-ऑपरेटिव बैंक में सोने के गहने गिरवी रखकर लगभग 60 हजार रुपये का ऋण लेकर लौट रहे थे।
आरोप है कि घर लौटते समय मोटरसाइकिल सवार तीन अज्ञात बदमाशों ने उन्हें रोक लिया और उनके पास से 60 हजार रुपये नकद तथा सोने के गहने लूट लिए।
घटना के बाद पीड़ित ने बेलदा थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू की और 24 घंटे के भीतर खड़गपुर इलाके से एक आरोपित को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपित पर लूट का मामला दर्ज है। अन्य आरोपितों की तलाश जारी है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

