चाय बागान से मिला सिर कटा शव, हत्या की आशंका
सिलीगुड़ी, 14 जुलाई (हि.स.)। दार्जिलिंग जिले के बागडोगरा स्थित हांसखोआ चाय बागान के नौ नंबर सेक्शन से मंगलवार सुबह एक सिर कटा शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। रोज़ की तरह पत्तियां तोड़ने पहुंचे चाय श्रमिकों ने बागान के किनारे शव देखा और तुरंत स्थानीय लोगों को सूचना दी।
घटना की खबर फैलते ही मौके पर भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर बागडोगरा थाना और फांसीदेवा के घोषपुकुर चौकी की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। प्राथमिक जांच में मृतक की पैंट की जेब से एक आईडी कार्ड बरामद हुआ है, जिसके अनुसार मृतक की पहचान इमाम खुआ (32) के रूप में हुई है, जो बिहार के किशनगंज जिले के पोठिया का निवासी बताया जा रहा है।
हालांकि पुलिस अभी इस पहचान की पुष्टि कर रही है। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि शव का सिर गायब है और अब तक बरामद नहीं हुआ है। पुलिस को आशंका है कि हत्या कहीं और कर शव को रात के अंधेरे में चाय बागान में फेंका गया हो सकता है। फिलहाल पुलिस हत्या के कारणों का पता लगाने और लापता सिर की तलाश में जुटी हुई है। मामले की जांच जारी है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

