home page

सिक्योरिटी गार्ड से लूटपाट के मामले में चार नाबालिग पकड़े

 | 
सिक्योरिटी गार्ड से लूटपाट के मामले में चार नाबालिग पकड़े


नई दिल्ली, 08 जुलाई (हि.स.)। रोहिणी जिले के बेगमपुर इलाके में सिक्योरिटी गार्ड से लूटपाट करने के मामले में पुलिस ने चंद ही घंटों बाद 16 से 17 साल के चार नाबालिग को पकड़ लिया है। पुलिस ने आरोपितों के पास से लूटा गया कैश, मोबाइल फोन, बैग और वारदात में इस्तेमाल बाइक भी बरामद की है। पुलिस आरोपितों से पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है।

रोहिणी जिले के पुलिस उपायुक्त शशांक जायसवाल ने बुधवार को बताया कि सोमवार शाम बेगमपुर थाना पुलिस को सूचना मिली कि सेक्टर-23 के पास बाइक सवार चार लड़कों ने एक सुरक्षा गार्ड के साथ लूटपाट की है। खबर मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची तो वहां पर पीड़ित मिला। उसने बताया कि वह ड्यूटी समाप्त कर लौट रहा था। रास्ते में बाइक सवार चारों ने लड़कों ने उसे रोक लिया। एक युवक ने रॉड मारने की धमकी देकर उससे मोबाइल, बैग और कुछ कैश लूट लिया। वारदात के बाद आरोपित फरार हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपितों की तलाश शुरू कर दी। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगाला गया।

बाद में पुलिस ने चारों लड़कों की पहचान कर उनको दबोच लिया। इनके पास से लूटा गया सामान भी बरामद हो गया। पुलिस आरोपितों से पूछताछ कर पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इन लोगों ने और कितनी वारदातों को अंजाम दिया। सभी आरोपित नशे के आदी है। नशे की लत पूरी करने के लिए यह लूटपाट करते थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी