home page

महज 700 रुपये के विवाद में भाई को बचाने आए युवक की चाकू मारकर हत्या, तीन आरोपित गिरफ्तार

 | 
महज 700 रुपये के विवाद में भाई को बचाने आए युवक की चाकू मारकर हत्या, तीन आरोपित गिरफ्तार


नई दिल्ली, 10 अगस्त (हि.स.)। रोहिणी जिले के बेगमपुर इलाके में महज 700 रुपये के लेनदेन को लेकर हुए विवाद में एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। भाई को बचाने पहुंचे 30 वर्षीय मुकेश यादव पर आरोपित ने चाकू से हमला कर दिया। गंभीर हालत में अस्पताल ले जाए गए मुकेश ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। बेगमपुर थाना पुलिस ने मामले में तीन आरोपितों को जांच शुरू करने के करीब दो घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। आरोपितों के पास से वारदात में इस्तेमाल चाकू, मोबाइल फोन और घटना के समय पहने कपड़े बरामद किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान भारत विहार निवासी मुकेश यादव के रूप में हुई है। नौ अगस्त को अग्रसेन अस्पताल से पुलिस को पीसीआर कॉल मिली थी कि बेगमपुर विहार के पास एक युवक को चाकू मारा गया है। मुकेश के कंधे के पास चाकू का घाव था और हालत गंभीर थी। उसे एम्स रेफर किया गया। जहां नौ अगस्त को रात करीब 2:18 बजे उसकी मौत हो गई।

जांच में सामने आया कि मुकेश के भाई सतीश ने आरोपित सचिन उर्फ सागर से 700 रुपये उधार लिए थे। आरोप है कि सचिन बार-बार रुपये वापस मांग रहा था। नौ अगस्त को उसने सतीश से रुपये लौटाने को लेकर विवाद किया। शोर सुनकर मुकेश अपने भाई को बचाने पहुंचा। इसी दौरान हुए झगड़े में सचिन ने कथित तौर पर मुकेश पर चाकू से हमला कर दिया।

घटना स्थल भारत विहार और पंसाली, सेक्टर-33 के बीच सड़क पर मिला। पुलिस ने मौके से खून के निशान मिलने के बाद क्राइम टीम को बुलाकर जांच कराई। इसके बाद तकनीकी निगरानी, स्थानीय पूछताछ और गवाहों की मदद से तीन आरोपितों की पहचान हुई। अलग-अलग ओयो होटल और लॉज में दबिश देकर पुलिस ने सचिन उर्फ सागर (29), पंकज उर्फ भूरा (23) और अभिषेक उर्फ अटल (22) को पकड़ लिया।

पुलिस के मुताबिक, सचिन ई-रिक्शा चालक है और बेगमपुर थाने का सूचीबद्ध बदमाश है। उसके खिलाफ पहले से चोरी के 10 मामले दर्ज हैं। पंकज ई-रिक्शा चालक और अभिषेक ऑटो चालक है। दोनों का कोई पिछला आपराधिक रिकॉर्ड नहीं मिला है। पुलिस ने तीनों के कब्जे से चाकू, मोबाइल और वारदात के दौरान पहने कपड़े बरामद किए हैं। मामले में आगे की जांच जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी