home page

शहडोल में दिनभर मांगता है भीख, रात में जंगल में ठिकाना; पहचान और गतिविधियों को लेकर उठे सवाल

 | 
शहडोल में दिनभर मांगता है भीख, रात में जंगल में ठिकाना; पहचान और गतिविधियों को लेकर उठे सवाल


शहडोल, 13 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के शहडोल जिले के सिंहपुर थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति के दिन में गांव और आसपास के इलाकों में भीख मांगने तथा रात होते ही जंगल में चले जाने का मामला चर्चा में है। स्थानीय लोगों के अनुसार, यह व्यक्ति अपना नाम पंकज कुमार मंडल बताता है और खुद को बिहार के भागलपुर जिले के गोरियासी का निवासी बताता है।

बताया गया है कि पंकज कुमार मंडल दिन के समय गांव और आसपास के क्षेत्रों में घूमकर लोगों से भीख मांगता है। शाम होते ही वह सिंहपुर-मिठौरी के जंगल की ओर चला जाता है और रात जंगल में ही गुजारता है। सुबह होने पर वह दोबारा आबादी वाले क्षेत्र में नजर आने लगता है।

लंबे समय से उसके इसी तरह दिन में क्षेत्र में घूमने और रात में जंगल में रहने की जानकारी सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में उसकी दिनचर्या को लेकर जिज्ञासा बनी हुई है। जंगल में रात बिताने के कारणों को लेकर भी लोगों के बीच अलग-अलग तरह की चर्चाएं हो रही हैं।

पहचान को लेकर भी स्थिति स्पष्ट नहींस्थानीय लोगों के मुताबिक, संबंधित व्यक्ति स्वयं को बिहार के भागलपुर जिले का निवासी बताता है। हालांकि उसकी पहचान की आधिकारिक पुष्टि, शहडोल आने का उद्देश्य और जंगल में रात बिताने की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं है।

लोगों का कहना है कि संबंधित व्यक्ति के बारे में पुलिस द्वारा आवश्यक पूछताछ और दस्तावेजों के आधार पर पहचान का सत्यापन किया जाना चाहिए, ताकि उसकी वास्तविक पृष्ठभूमि सामने आ सके।

पुलिस सत्यापन से साफ होगी स्थितिमामला सिंहपुर थाना क्षेत्र से जुड़ा होने के कारण संबंधित व्यक्ति के संबंध में पुलिस जांच और सत्यापन से ही वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। जांच के बाद यह पता चल सकता है कि वह वास्तव में कहां का रहने वाला है, शहडोल कब और क्यों आया तथा रात के समय जंगल में रहने की उसकी वजह क्या है।

फिलहाल दिन में भीख मांगने और रात में जंगल में चले जाने की उसकी गतिविधियां सिंहपुर क्षेत्र में स्थानीय लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई हैं।

हिन्दुस्थान समाचार/मनीष शुक्ला

हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा