चाचा से मारपीट में भतीजे की मौत
रायबरेली,29अगस्त(हि. स.)। उत्तर प्रदेश के रायबरेली में चाचा-भतीजे के बीच हुई मारपीट में भतीजे की मौत हो गई,जबकि चाचा गंभीर रूप से घायल हाे गया। शनिवार सुबह पुलिस को घटना की सूचना मिली,जिसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और जांच की जा रही है। घायल चाचा का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है,जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
ज़िले के खीरों थाना क्षेत्र के एकौनी गांव निवासी चन्द्रपाल पत्नी सविता के साथ खेत की रखवाली कर रहा था। शुक्रवार देर रात शिवबाबू (35) पुत्र चंद्रलाल वहां पहुंचा और चाचा चंद्रपाल से किसी बात को लेकर उसका विवाद हो गया। धीरे-धीरे विवाद ने उग्र रूप ले लिया और दोनों के बीच जमकर मारपीट शुरू हो गई। इसी दौरान शिवबाबू की मौत हो गई जबकि चंद्रपाल घायल हो गया। परिजनों ने दोनों को अस्पताल भेजा और शनिवार को पुलिस को जानकारी दी। ग्रामीणों के अनुसार शुक्रवार दोपहर को भी मारपीट हुई थी,जिसे कुछ लोगों ने शांत करा दिया था। मौके पर पुलिस की टीम ने पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस उपाधीक्षक सुजीत राय ने बताया कि मारपीट में युवक की मौत हुई है। पुलिस घटना की जांच कर रही है। अभी तक परिजनों की तरफ़ से शिकायत नहीं दर्ज कराई गई है।कुछ लोगों से पूछताछ की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / रजनीश पांडे

