कोकराझार के गौड़ नगर में प्रतिबंधित मांस बरामद, एक युवक हिरासत में
कोकराझार (असम), 30सितम्बर (हि.स.)। कोकराझार जिला शहर के गौड़ नगर इलाके में बुधवार को मोटरसाइकिल दुर्घटना के बाद करीब 15 से 20 किलोग्राम संदिग्ध प्रतिबंधित मांस बरामद किए जाने का मामला सामने आया है।
जानकारी के अनुसार, कोकराझार सदर शहर स्थित आवर्त भवन के समीप एक मोटरसाइकिल और स्कूटी के बीच टक्कर हो गयी। बताया गया है कि मोटरसाइकिल पर सवार युवक दो बैग में मांस लेकर जा रहा था। दुर्घटना के दौरान मांस सड़क पर गिर गया। स्कूटी सवार युवक कॉलेज का छात्र बताया जा रहा है।
घटना की सूचना मिलने के बाद स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और सड़क पर पड़े मांस को जब्त कर जांच के लिए भेज दिया। पुलिस ने मांस की प्रकृति की पुष्टि के लिए आवश्यक परीक्षण शुरू किया है।
इस मामले में दु्रमारी निवासी अंजेर अली शेख नामक युवक को पुलिस ने हिरासत में लिया है। पुलिस द्वारा घटना की जांच की जा रही है और मांस को कहां से लाया गया था तथा इसे कहां ले जाया जा रहा था, इसकी भी जानकारी जुटाई जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / किशोर मिश्रा

