home page

जमीन विवाद में मारपीट, एक ही परिवार के कई लोग घायल

 | 
जमीन विवाद में मारपीट, एक ही परिवार के कई लोग घायल


भागलपुर, 16 अप्रैल (हि.स.)। जिले के बुद्धूचक थाना क्षेत्र में जमीन विवाद को लेकर दबंगों द्वारा एक ही परिवार के चार-पांच लोगों के साथ मारपीट करने का मामला प्रकाश में आया है।

घटना के बाद सभी घायलों को इलाज के लिए मायागंज अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार चल रहा है। पीड़ित पक्ष ने इस संबंध में गुरुवार को बुद्धूचक थाने में लिखित आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है। घटना 10 अप्रैल 2026 की सुबह करीब 8 बजे की है, जब पीड़ित परिवार के सदस्य अपने घर से निकले थे। इसी दौरान उनके ही गोतिया पक्ष के कुछ लोग विवादित जमीन पर जबरन निर्माण कार्य कर रहे थे। विरोध करने पर आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और देखते ही देखते मामला हिंसक हो गया।

आरोप है कि दबंगों ने लोहे के रॉड और लाठी-डंडों से हमला कर दिया, जिसमें परिवार के कई सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए। बीच-बचाव करने आए अन्य परिजनों को भी नहीं बख्शा गया और उनके साथ भी मारपीट की गई। इस दौरान एक महिला के गले से चांदी का चेन छीन लेने और नकदी लूटने का भी आरोप लगाया गया है। घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को पहले नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें मायागंज अस्पताल रेफर कर दिया गया।

फिलहाल सभी घायलों का इलाज जारी है। पीड़ित परिवार का कहना है कि आरोपियों ने घटना के बाद जान से मारने की धमकी भी दी है, जिससे वे दहशत में हैं। उन्होंने प्रशासन से आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और सुरक्षा मुहैया कराने की मांग की है। वहीं, इस मामले में बुद्धूचक थाना पुलिस का कहना है कि पीड़ित पक्ष द्वारा दिए गए आवेदन के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। जल्द ही आरोपियों की पहचान कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर