home page

रक्सा पुलिस का कारनामा : घर में घुसकर महिला से मारपीट और उसी के रिश्तेदार का किया चालान

 | 
रक्सा पुलिस का कारनामा : घर में घुसकर महिला से मारपीट और उसी के रिश्तेदार का किया चालान


न्याय के लिए दर-दर भटक रही महिला ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को लिखा पत्र

08 दिन पूर्व बच्चों के विवाद में महिला से मारपीट का मामला गरमाया

झांसी, 01 अप्रैल (हि.स.)। महिलाओं के प्रति अपराध में जीरो टॉलरेंस वाले उत्तर प्रदेश के झांसी स्थित रक्सा थाना क्षेत्र की एक पीड़ित महिला न्याय की गुहार लेकर 08 दिन से दर-दर भटकने को मजबूर है। पीड़िता मीना ने प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखकर अपने साथ हुई मारपीट की घटना की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

मीना के अनुसार, बीते 24 मार्च को उसके बच्चों के बीच हुए मामूली विवाद ने गंभीर रूप ले लिया, जिसके बाद पड़ोस के मुस्लिम समुदाय के परिवार के दो लोगों ने पहले उसके बच्चों के साथ मारपीट की। जब वह उन्हें बचाने पहुंची तो उसके साथ भी मारपीट की। उसके पेट में लात मारी। महिला का आरोप है कि घटना की शिकायत करने के बावजूद पुलिस ने उचित कार्रवाई नहीं की और उल्टा उसके ही एक रिश्तेदार का चालान कर दिया गया। जिसे वह अपने साथ लेकर थाने गई थी। इसकी शिकायत लेकर वह एसएसपी कार्यालय भी गई लेकिन उसकी भेंट एसएसपी से नहीं हो सकी।

पीड़िता ने आरोप लगाया कि स्थानीय पुलिस मामले को दबाने का प्रयास कर रही है, जिससे उसे न्याय नहीं मिल पा रहा है। उसने मुख्यमंत्री को भेजे गए पत्र में कहा है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं की गई तो उसके बच्चों और पति के साथ किसी भी प्रकार की अनहोनी हो सकती है, जिसकी जिम्मेदारी संबंधित पुलिस प्रशासन की होगी। मीना ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। वहीं, इस मामले ने क्षेत्र में पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

गौरतलब है कि हाल ही में प्रदेश सरकार के 09 साल पूर्ण होने पर प्रभारी मंत्री ने भी झांसी में महिलाओं के प्रति बढ़ते अपराध पर चिंता व्यक्त की थी। उन्होंने पत्रकारों से उच्चाधिकारियों को इसके प्रति सचेत करने को भी कहा था। बाबजूद इसके पुलिस की कार्यप्रणाली कटघरे में है।

इनका है कहना

इस संबंध में जब सीओ सदर रामवीर सिंह से वार्ता की गई तो उन्होंने मामले में अनभिज्ञता जाहिर की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया