home page

पांवटा साहिब ड्रग्स मामले में तीसरा आरोपी भी गिरफ्तार, 8,500 प्रतिबंधित कैप्सूल बरामद

 | 
पांवटा साहिब ड्रग्स मामले में तीसरा आरोपी भी गिरफ्तार, 8,500 प्रतिबंधित कैप्सूल बरामद


नाहन, 29 अप्रैल (हि.स.)। सिरमौर जिले में नशा तस्करी के खिलाफ चल रही कार्रवाई के तहत पांवटा साहिब मामले में पुलिस ने तीसरे आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया है। इस गिरफ्तारी के साथ ही पुलिस ने कुल 8,500 से अधिक प्रतिबंधित कैप्सूल बरामद किए हैं। पुलिस का कहना है कि यह कार्रवाई बाहरी राज्यों से जुड़े नशा नेटवर्क के खिलाफ एक बड़ी सफलता है।

पुलिस के अनुसार 23 अप्रैल को स्पेशल डिटेक्शन टीम, पांवटा साहिब को गुप्त सूचना मिली थी। इसके आधार पर ट्रक यूनियन के पास एक टेम्पो (नंबर HP17G-2868) की तलाशी ली गई, जहां से रविकांत उर्फ बंटी और विकास को गिरफ्तार किया गया। दोनों आरोपियों के कब्जे से 1,104 प्रतिबंधित कैप्सूल बरामद किए गए थे। इस मामले में पुलिस थाना पांवटा साहिब में एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया।

मामले की जांच के दौरान पुलिस ने दोनों आरोपियों से पूछताछ की, जिसमें तीसरे आरोपी के बारे में जानकारी मिली। इसी आधार पर 26 अप्रैल को पुलिस टीम ने उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले में छापेमारी कर गफ्फार नाम के व्यक्ति को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उसके घर की तलाशी ली, जहां एक कमरे में सोफों के पीछे छिपाकर रखे गए कट्टे से 7,440 प्रतिबंधित कैप्सूल बरामद किए गए।

पुलिस के मुताबिक गफ्फार इस नेटवर्क का अहम कड़ी माना जा रहा है, जो बाहरी राज्य से हिमाचल में नशे की सप्लाई से जुड़ा हुआ था। आरोपी को अदालत में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

सिरमौर पुलिस ने कहा है कि इस मामले में आगे भी जांच जारी है और नशा तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा रही है। पुलिस का कहना है कि नशे के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि इस तरह के नेटवर्क को पूरी तरह तोड़ा जा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर