home page

पुरानी रंजिश में युवक की गोली मारकर हत्या, 24 घंटे के भीतर दो नाबालिग दबोचे

 | 
पुरानी रंजिश में युवक की गोली मारकर हत्या, 24 घंटे के भीतर दो नाबालिग दबोचे


नई दिल्ली, 26 जून (हि.स.)। बाहरी उत्तरी जिले के बवाना थाना पुलिस ने पूठ खुर्द में 22 वर्षीय युवक की हत्या के मामले का 24 घंटे के भीतर पर्दाफाश करते हुए दो नाबालिग को पकड़ लिया है। पुलिस ने उनके कब्जे से हत्या में इस्तेमाल की गई दो देशी पिस्टल, चार जिंदा कारतूस और आठ खोखे बरामद किए हैं। शुरुआती पूछताछ में दोनों ने पुरानी रंजिश का बदला लेने के लिए वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की है।

पुलिस के मुताबिक, बुधवार को बवाना थाने में पीसीआर कॉल मिली थी कि पूठ खुर्द स्थित दिव्य भारती पब्लिक स्कूल के पास बाइक सवार दो युवकों ने एक युवक को गोली मार दी है। सूचना देने वाले ने बताया कि हमलावर उसके भाई को गोली मारकर फरार हो गए।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। वहां पूठ खुर्द निवासी केशव (22) खून से लथपथ पड़ा मिला। उसे कई गोलियां लगी थीं और उसकी मौके पर ही मौत हो चुकी थी। इसके बाद क्राइम टीम और एफएसएल टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। मामले में बवाना थाने में हत्या और आर्म्स एक्ट की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने गुरुवार को बताया कि हत्या की गंभीरता को देखते हुए संयुक्त पुलिस आयुक्त (नॉर्दर्न रेंज) विजय कुमार के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त-प्रथम अमित कौशिक की देखरेख में एसएचओ अखिलेश बाजपेयी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।

पुलिस ने तकनीकी निगरानी, सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय मुखबिरों की मदद से दोनों आरोपितों की पहचान कर कुछ ही घंटों में उन्हें दबोच लिया।

स्कूल के पास घात लगाकर की थी फायरिंग

पूछताछ में दोनों नाबालिग ने बताया कि केशव से उनकी पुरानी दुश्मनी थी और उसी का बदला लेने के लिए हत्या की साजिश रची गई थी। वारदात वाले दिन दोनों अपने घर से हथियार लेकर निकले और दिव्य भारती पब्लिक स्कूल के पास घात लगाकर बैठ गए। जैसे ही केशव अपनी मोटरसाइकिल से वहां पहुंचा, एक किशोर ने उसे रोक लिया जबकि दूसरे ने उस पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। इसके बाद दूसरे किशोर ने भी फायरिंग की। केशव की मौके पर ही मौत हो गई और दोनों आरोपी पैदल ही फरार हो गए। पुलिस के अनुसार पकड़े गए दोनों नाबालिग दिल्ली के रहने वाले हैं। एक की उम्र 17 वर्ष और दूसरे की 16 वर्ष है। दोनों स्कूल छोड़ चुके हैं। वहीं अब पुलिस उस व्यक्ति की तलाश कर रही है जिसने आरोपितों को हथियार उपलब्ध कराए थे। साथ ही हत्या की साजिश में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी