जींद : औरत के कपड़े पहने युवक ने पिकअप चालक को लूटा
जींद, 07 अप्रैल (हि.स.)। औरत के कपड़े पहने युवक द्वारा पिकअप गाड़ी चालक पर ईंट से हमला कर 25 हजार रुपये की नगदी को लूटने पर सदर थाना पुलिस ने घायल चालक की शिकायत पर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ लूट समेत विभिन्न भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
गांव कालवाल हिसार निवासी सुरेश ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह सोमवार को सीकर राजस्थान से प्याज भर कर जींद मंडी के लिए चला था। रात को वह गांव ईक्कस मोड पर पहुंचा तो एक औरत ने इशारा कर रूकने को कहा। गाड़ी के रोकने पर उसने सब्जी मंडी जाने के लिफ्ट मंागी। जिस पर उसने औरत समझ गाड़ी में लिफ्ट दे दी। जब वह पट्रोल पंप से आगे निकला तो उसने बाथरूम जाने की बात कह कर गाड़ी रूकवा ली। वह भी गाड़ी से उतर कर टायर चैक करने लगा। उसी दौरान उसने हाथापाई शुरू कर दी।
जिस पर उसे पता चला कि वह औरत नही बल्कि औरत के कपड़े पहने युवक है। जब बचाव की कोशिश की तो आरोपित ने ईंट उठा कर उस पर हमला कर दिया। जिसमें उसे काफी चोटें आई। आरोपित उसकी जेब से 25 हजार रुपये लूट कर फरार हो गया। घटना की सूचना उसने डायल 112 को दी। जिसने उसे नागरिक अस्पताल पहुंचाया। मंगलवार को जानकारी देते हुए सदर थाना के जांच अधिकारी संदीप कुमार ने बताया कि पुलिस ने चालक सुरेश की शिकायत पर अज्ञात युवक के खिलाफ लूट समेत विभिन्न भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा

