home page

जींद : भतीजे ने की चाची की हत्या, मामला दर्ज

 | 
जींद : भतीजे ने की चाची की हत्या, मामला दर्ज


जींद, 19 मार्च (हि.स.)। अलेवा खंड के गांव रायचंदवाला में पारिवारिक विवाद के चलते भतीजे ने चाची की तेजधार हथियार से वार कर हत्या कर दी। घटना की सूचना मिलने पर अलेवा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। अलेवा थाना पुलिस ने मृतका की सास की शिकायत पर हत्यारे भतीजे के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

गांव रायचंदवाला निवासी अशोक की 35 वर्षीय पत्नी रेश्मा बुधवार शाम अपने घर मे काम काज को निपटा रही थी। उसके जेठ अजमेर का लड़का अजय घर में आया और अपनी चाची रेशमा से झगडऩे लगा। उसी दौरान अजय ने रेशमा की छाती तथा पेट पर तेजधार हथियार से वार कर उसे घायल कर दिया। रेशमा के बच्चों द्वारा शोर मचाए जाने पर पड़ोसी मौके पर पहुंचे और घायल रेशमा को उपचार के लिए नागरिक अस्पताल पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने उसकी हालत गंभीर देख पीजीआईएमएस रोहतक रेफर कर दिया। मगर रेश्मा ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। घटना की सूचना पाकर अलेवा थाना पुलिस पुलिस फोरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंच गई और हालातों का जायजा लिया।

अलेवा थाना पुलिस ने मृतका की सास लिछमी की शिकायत पर आरोपित अजय के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। गांव घड़पुर करनाल निवासी रेशमा ने लगभग 13 साल पहले गांव रायचंद वाला निवासी अशोक से लव मैरिज की थी। विवाहिक जीवन में मृतका रेशमा ने दो बच्चों को जन्म दिया। अलेवा थाना के जांच अधिकारी मोहनपाल ने गुरुवार काे बताया कि घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची । मृतका की सास ने अपने पौते पर चाची की हत्या का आरोप लगाते हुए शिकायत दी है। आरोपित अयज के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा