बड़वानीः पैसों की मांग पूरी नहीं करने पर बेटे ने की पिता की गोली मारकर हत्या
बड़वानी, 20 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के बड़वानी जिले के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पिछोडी में सोमवार को एक युवक ने अपने पिता की गोली मारकर हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि युवक ने अपने पिता से दो लाख रुपये की मांग की थी। पैसे नहीं देने पर युवक ने पिता को सिर में गोली मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार, ग्राम पिछडी निवासी चंदन बडोले (32) पिछले कुछ समय से अपने पिता 58 वर्षीय जगन बडोले से दो लाख रुपये की मांग कर रहा था। इसी बात को लेकर घर में तनाव चल रहा था। सोमवार को दोपहर में पिता-पुत्र के बीच पैसों को लेकर तीखी बहस हुई। यह बहस इतनी बढ़ गई कि मामला हाथापाई तक पहुंच गया। इसी दौरान चंदन ने आपा खो दिया और घर में रखी पिस्तौल निकालकर अपने पिता पर फायरिंग कर दी और मौके से फरार हो गया।
मृतक की पत्नी गौरी बाई ने घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। थाना प्रभारी बलजीत सिंह बिसेन ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमों को लगाया गया है। संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
मृतक की पत्नी गौरी बाई ने पुलिस को बताया कि पिता ने पहले ही बेटे को करीब दो लाख रुपये दे दिए थे, लेकिन इसके बावजूद चंदन और पैसों के लिए दबाव बना रहा था। इसी बात को लेकर घर पिता-पुत्र में बहस हो गयी। इस दौरान चंदन अचानक गुस्से में आ गया और वारदात को अंजाम दिया।
परिजनों के मुताबिक, परिवार के पास लगभग सात एकड़ जमीन है, जिसमें से पांच एकड़ खलघाट और दो एकड़ पिछोड़ी में स्थित है। बताया जा रहा है कि जमीन और पैसों को लेकर पहले भी पिता-पुत्र के बीच विवाद होते रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि आरोपी चंदन का व्यवहार पिछले कुछ समय से आक्रामक हो गया था। वह आर्थिक दबाव में भी था, लेकिन किसी को यह उम्मीद नहीं थी कि वह अपने ही पिता की जान ले लेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

