बरहज पुलिस ने पांच गोवंशीय पशु बरामद किए, दो तस्कर गिरफ्तार
देवरिया, 17 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के देवरिया जनपद में गुरुवार देर रात को बरहज पुलिस ने दो तस्करों को गिरफ्तार किया हैं। इनके कब्जे से पांच गोवंशीय पशु को मुक्त कराया गया हैं। दो अन्य पशु तस्करों की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है। बरामद पशुओं को सरयू नदी के रास्ते नाव से बिहार ले जाकर वध के लिए भेजने की तैयारी थी।
अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) सुनील सिंह ने बताया कि 16 जुलाई को सूचना पर बरहज पुलिस ने विशुनपुर देवार स्थित नदी किनारे छापेमारी की। इस दौरान दो गाय, दो बछिया और एक सांड सहित कुल पांच गोवंशीय पशु बरामद किए गए। मौके से कपरवार घाट निवासी रमाकांत (34) और सुकई साहनी को गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में रमाकांत ने बताया कि वह गुड्डू उर्फ रमेश यादव, प्रमोद गौड़ और सुकई साहनी के साथ मिलकर गोवंशीय पशुओं की तस्करी करता था। बरसात के दौरान सरयू नदी का पीपा पुल हटने के बाद गिरोह नाव के माध्यम से रात में पशुओं को बिहार पहुंचाकर वध के लिए भेजता था। दिन में विभिन्न स्थानों से गोवंशीय पशुओं को एकत्र किया जाता था। पुलिस ने इस मामले में बरहज थाने पर गोवध निवारण अधिनियम और पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। गिरफ्तार आरोपित रमाकांत के विरुद्ध पूर्व में गोरखपुर जिले के बढ़हलगंज थाने में चोरी और अन्य धाराओं में भी मुकदमा दर्ज है।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

