बरेली में होली की रात बाजार में फंदे से लटका मिला टेंट कारोबारी, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
बरेली, 05 मार्च (हि.स.) । उत्तर प्रदेश के बरेली शहर के हाफिज गंज थाना क्षेत्र में होली की रात एक टेंट कारोबारी का शव उसकी ही मार्केट में दुकान के सामने टिनशेड की पाइप से लटका मिला। सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर जुट गए। परिजनों ने हत्या कर शव को फंदे से लटकाने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
उतरनपुर गांव निवासी 32 वर्षीय हरपाल मौर्य पीलीभीत हाईवे किनारे स्थित मौर्य मार्केट के मालिक थे। यहां उनकी करीब 20 दुकानें हैं, जिनमें कई किराये पर दी गई हैं। हरपाल खुद टेंट का कारोबार करते थे। परिजनों के अनुसार बुधवार को दिन में उन्होंने परिवार और परिचितों के साथ होली खेली थी। शाम के समय वह अपनी मार्केट पर चले गए थे।
बताया जा रहा है कि रात करीब आठ बजे बाजार से गुजर रहे कुछ लोगों की नजर दुकान के सामने टिनशेड के पाइप से लटके शव पर पड़ी। यह देखकर इलाके में हड़कंप मच गया और देखते ही देखते लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही परिजन भी मौके पर पहुंच गए। शव देखकर परिवार में कोहराम मच गया।
परिजनों का आरोप है कि हरपाल की हत्या की गई है और बाद में साजिश के तहत शव को फंदे से लटका दिया गया। घटना को लेकर लोगों में आक्रोश भी दिखाई दिया। पुलिस के देर से पहुंचने की बात कहकर कुछ लोगों ने सड़क जाम करने की कोशिश की, हालांकि स्थानीय लोगों ने समझाकर स्थिति शांत करा दी।
घटनास्थल के पास एक कढ़ाई में पकौड़ी और मुर्गे का मीट भी रखा मिला, जिससे मामला और रहस्यमय हो गया है। पुलिस ने मौके से साक्ष्य जुटाए और आसपास के लोगों से पूछताछ की। सीओ नवाबगंज और हाफिजगंज थाना प्रभारी प्रवीण सोलंकी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मौत की वजह स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है और परिजनों के आरोपों को भी जांच में शामिल किया गया है।
हिन्दुस्थान समाचार / देश दीपक गंगवार

