बरेली में बिजली चोरी के मामले में नौ उपभोक्ताओं पर मुकदमा दर्ज
विद्युत विभाग ने ‘मॉर्निंग रेड’ अभियान के तहत श्यामतगंज, सूफी टोला, शाहदाना और कटरा चांद खां क्षेत्रों में की छापेमारी
बरेली, 7 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के बरेली जिले में विद्युत विभाग ने बिजली चोरी के खिलाफ चलाए जा रहे सघन अभियान के तहत गुरुवार 7 मई की सुबह बरेली नगर क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की। अधीक्षण अभियंता (नगरीय विद्युत वितरण मंडल) के निर्देशन में चलाए इस विशेष अभियान को ‘मॉर्निंग रेड’ नाम दिया गया। अभियान के दौरान श्यामतगंज, सूफी टोला, शाहदाना और कटरा चांद खां क्षेत्रों में छापेमारी कर बिजली चोरी का बड़ा मामला उजागर किया गया।
छापेमारी का नेतृत्व अधिशासी अभियंता (एचआर एवं रेड वर्टिकल, कामर्शियल-प्रथम वर्टिकल एवं कामर्शियल-द्वितीय वर्टिकल) द्वारा किया गया। उनके साथ सहायक अभियंता, अवर अभियंता तथा विजिलेंस टीम के सदस्य भी मौजूद रहे। संयुक्त टीम ने जांच के दौरान 9 उपभोक्ताओं को अवैध रूप से बिजली चोरी करते हुए पकड़ा।
विभागीय जांच में सामने आया कि ये उपभोक्ता वैध कनेक्शन होने के बावजूद अतिरिक्त केबल डालकर सीधे विद्युत आपूर्ति से बिजली की चोरी कर रहे थे। मौके पर कुल 17 किलोवाट विद्युत भार की चोरी पकड़ी गई। सभी आरोपियों के खिलाफ विद्युत अधिनियम की धारा 135 के अंतर्गत प्राथमिकी (एफआईआर) दर्ज कर ली गई है और आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। साथ ही चोरी की गई बिजली का राजस्व निर्धारण कर वसूली की प्रक्रिया भी जारी है।
विद्युत विभाग ने स्पष्ट किया है कि ऐसे मामलों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
इस संबंध में अधीक्षण अभियंता धर्मेन्द्र सिंह ने बताया कि बिजली चोरी न केवल विभाग को आर्थिक नुकसान पहुंचाती है बल्कि ईमानदार उपभोक्ताओं पर भी अतिरिक्त भार डालती है। उन्होंने कहा कि “बिजली चोरी रोकने के लिए नियमित रूप से ऐसे अभियान चलाए जा रहे हैं और भविष्य में भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। उपभोक्ताओं से अपील है कि वे केवल वैध कनेक्शन का ही उपयोग करें, अन्यथा कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।”
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / देश दीपक गंगवार

