home page

मुठभेड़ में दो शातिर गिरफ्तार, एक के पैर में गोली, चोरी का माल बरामद

 | 
मुठभेड़ में दो शातिर गिरफ्तार, एक के पैर में गोली, चोरी का माल बरामद


बरेली, 04 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के बरेली जनपद में भोजीपुरा थाना पुलिस ने रविवार की बीती अर्ध रात्रि मुठभेड़ के दौरान दो शातिर आराेपिताें को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक आराेपित बदमाश के पैर में गोली लगी, जबकि एक आरक्षी भी घायल हो गया। मौके से अवैध तमंचा, कारतूस और चोरी का सामान बरामद किया गया है।

सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी हाईवे शिवम आशुतोष ने साेमवार की सुबह बताया कि थाना भोजीपुरा की टीम बीती रात गश्त पर थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि प्राथमिक विद्यालय दलपतपुर में हुई चोरी के मामले में वांछित आरोपित दोबारा वारदात की फिराक में निकले हैं और चोरी का माल ठिकाने लगाने जा रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने बासुन्धरन ढाल से दलपतपुर जाने वाले रास्ते पर चेकिंग शुरू कर दी।करीब 2:45 बजे दो संदिग्ध व्यक्ति कंधे पर बोरी टांगें पैदल आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो दोनों खेतों की ओर भागने लगे और पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। इस दौरान चली एक गोली आरक्षी दीपक के बाजू को छूते हुए निकल गई।

सहायक पुलिस अधीक्षक ने बताया कि पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें बदायूं जिले के हजरतपुर थाना क्षेत्र के गांव गाड़िया पैगंबरपुर निवासी अफसर अली के पैर में गोली लग गई। वहीं, दूसरा आरोपित शाहजहांपुर जिले के परौर थाना क्षेत्र के गांव कुंडरी आश्रम निवासी हसनैन उर्फ साहिल को भी घेराबंदी कर खेतों से गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस ने आरोपिताें के कब्जे से 315 बोर का अवैध तमंचा, दो जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस, गैस सिलेंडर, गैस चूल्हा, 10 स्टील की थालियां और 2200 रुपये नकद बरामद किए हैं। बरामद सामान हाल ही में दलपतपुर के प्राथमिक विद्यालय में हुई चोरी से संबंधित बताया जा रहा है। घायल आरोपित और आरक्षी को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भोजीपुरा भेजा गया है। पुलिस रिकार्ड के मुताबिक गिरफ्तार आराेपिताें में

अफसर अली पर करीब 17 और हसनैन उर्फ साहिल पर 14 आपराधिक मुकदमे पहले से दर्ज हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / देश दीपक गंगवार