home page

बरेली पुलिस की मुठभेड़ में शातिर गौकश घायल

 | 
बरेली पुलिस की मुठभेड़ में शातिर गौकश घायल


बरेली, 05 मई (हि.स.) । जिले के बारादरी थाना क्षेत्र में मंगलवार तड़के पुलिस और एक शातिर गौकश के बीच मुठभेड़ हो गई। जवाबी फायरिंग में आरोपित के पैर में गोली लग गई, जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। घायल आरोपित को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसके कब्जे से अवैध तमंचा, कारतूस और खोखे बरामद हुए हैं।

क्षेत्राधिकारी हाइवे शिवम आशुताेष ने बताया कि थाना बारादरी की टीम हारुनगला-भरतौल रोड स्थित एफसीआई गोदाम के पास संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान भरतौल की ओर से एक संदिग्ध व्यक्ति पैदल आता दिखाई दिया। पुलिस को देखकर वह सकपका गया और गोदाम की ओर मुड़कर तेज कदमों से आगे बढ़ने लगा। शक होने पर पुलिस टीम ने उसे रुकने का इशारा किया, लेकिन वह नहीं रुका।

पुलिस टीम ने जब उसका पीछा किया तो आरोपित ने खुद को घिरता देख पुलिस पर जान से मारने की नीयत से दो फायर कर दिए और भागने का प्रयास किया। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें आरोपित के पैर में गोली लग गई और वह गिर पड़ा। इसके बाद उसे मौके से दबोच लिया गया। पूछताछ में आरोपित ने अपना नाम वसीम अहमद (34) पुत्र कफील अहमद निवासी सेमलखेड़ा, थाना बारादरी बताया। पुलिस के मुताबिक वह शातिर गौकश है और उसके खिलाफ बरेली व शाहजहांपुर में गौकशी, लूट, डकैती, गैंगस्टर एक्ट और आयुध अधिनियम सहित 14 गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपित के कब्जे से एक अवैध तमंचा .315 बोर, दो खोखा कारतूस और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। घटना के संबंध में थाना बारादरी में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

----------------

हिन्दुस्थान समाचार / देश दीपक गंगवार