बरेली में सास-साले की हत्या करने वाला आरोपित मुठभेड़ में ढेर
बरेली, 17 मार्च (हि.स.) । उत्तर प्रदेश के बरेली जिले में इज्जतनगर थाना क्षेत्र स्थित गांव रहपुरा चौधरी में सोमवार को सास और साले की हत्या में फरार आरोपित आज सुबह पुलिस मुठभेड़ में मारा गया। दो सिपाही घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिया अस्पताल भेजा गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अनुराग आर्य ने बताया कि सोमवार को रहपुरा चौधरी गांव में पारिवारिक विवाद सुलझाने के लिए पंचायत बुलाई गई थी। इस दौरान आरोपित अफसर खां उर्फ बौरा ने सास आसमां (50), साले आदिल (22) की चाकू से गोदकर हत्या कर दी थी। बीच बचाव में पत्नी सायमा (30) घायल हो गई। आरोपित वारदात के बाद मौके से फरार हो गया था। आरोपित की तलाश में तीन टीमें लगाई गई थीं। मंगलवार सुबह सूचना मिली कि आरोपित अफसर उर्फ बौरा सहारा ग्राउंड के पास मौजूद है। पुलिस ने इलाके की घेराबंदी की। खुद को घिरता देखकर आरोपित ने पुलिस पर फायरिंग करते हुए भागने की कोशिश की। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली लगने से वह घायल होकर गिर पड़ा। मौके से उसे घायल अवस्था में अस्पताल भेजा गया, लेकिन उसकी मौत हो गई। उसके पास से एक पिस्टल, कारतूस, हत्या में इस्तेमाल किया गया चाकू बरामद हुआ है। इस कारवाई में सिपाही अनुराग और रूपेंद्र घायल हुए जिनका अस्पताल में इलाज चल रहा हैं।
एसएसपी ने बताया कि सगे मामा की हत्या में आरोपित अफसर खां को 2009 में उसे उम्रकैद की सजा हुई थी। जमानत पर छुटकर वापस आया तो वर्ष 2017 में चचेरी बहन सायमा (30) से प्रेम विवाह किया था। उसके दो बच्चे फैज (8) और आइशा (5) हैं। -------------
हिन्दुस्थान समाचार / देश दीपक गंगवार

