home page

बरेली में पुलिस मुठभेड़: फायरिंग में तीन गो तस्कर गिरफ्तार, सिपाही भी घायल

 | 
बरेली में पुलिस मुठभेड़: फायरिंग में तीन गो तस्कर गिरफ्तार, सिपाही भी घायल


बरेली में पुलिस मुठभेड़: फायरिंग में तीन गो तस्कर गिरफ्तार, सिपाही भी घायल


बरेली, 23 मार्च (हि.स.) । उत्तर प्रदेश के जनपद बरेली के इज्जतनगर थाना क्षेत्र में गौकशी के मामले का खुलासा करते हुए पुलिस ने सोमवार देर रात मुठभेड़ के दौरान तीन आरोपिताें को गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान बदमाशों की फायरिंग में एक सिपाही घायल हो गया, जबकि जवाबी कार्रवाई में तीनों आरोपित भी पैर में गोली लगने से घायल हो गए।

पुलिस के अनुसार 21 और 22 मार्च को ग्राम फरीदापुर चौधरी के पास नाले में प्लास्टिक के बोरे में गौवंशीय पशुओं के अवशेष मिले थे। मामले में इज्जतनगर थाने में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर आरोपिताें की गिरफ्तारी के लिए तीन टीमें गठित की गई थीं।

सोमवार रात पुलिस टीम क्षेत्र में दबिश दे रही थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर सिद्धार्थनगर केंद्रीय विद्यालय के पास मैदान के नजदीक बाइक सवार तीन संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया गया। खुद को घिरता देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी, जिसमें सिपाही राहुल कुमार घायल हो गए।

पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें तीनों आरोपित घायल हो गए। इसके बाद पुलिस ने असलम, जीशान और नासिर को गिरफ्तार कर लिया। तीनों इज्जतनगर क्षेत्र के रहने वाले हैं और पहले दर्ज गौवध के मुकदमे में वांछित चल रहे थे। पकड़े गए आरोपिताें के कब्जे से तीन अवैध तमंचे, जिंदा और खोखा कारतूस, गौकशी के उपकरण, एक स्प्लेंडर बाइक और दो मोबाइल फोन बरामद हुए हैं। सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।

सीओ सिटी तृतीय पंकज श्रीवास्तव ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीमों ने त्वरित कार्रवाई की। आरोपिताें ने पुलिस पर फायरिंग कर भागने का प्रयास किया, जिसके बाद आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की गई। तीनों आरोपिताें को गिरफ्तार कर लिया गया है और उनके खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस के मुताबिक मुख्य आरोपित असलम के खिलाफ पहले से गौवध और आर्म्स एक्ट के पांच मुकदमे दर्ज हैं। अन्य आरोपिताें के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है। पुलिस ने बदमाशों के खिलाफ जानलेवा हमला और अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

हिन्दुस्थान समाचार / देश दीपक गंगवार