बागपत में अवैध शस्त्र फैक्ट्री का भंडाफोड़, तीन गिरफ्तार
बागपत, 16 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश पुलिस के ऑपरेशन शस्त्र अभियान के तहत थाना बड़ौत पुलिस और स्वाॅट टीम बागपत ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक अवैध शस्त्र फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मौके से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनके कब्जे से भारी मात्रा में बने और अधबने अवैध हथियार तथा शस्त्र बनाने के उपकरण बरामद किए गए हैं।
पुलिस अधीक्षक बागपत सूरज कुमार राय ने शनिवार को प्रेस वार्ता की है। बताया है कि बड़ौत थाना क्षेत्र में संचालित अवैध फैक्ट्री पर छापा मारा गया। फैक्ट्री चलाने वाले तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान सलीम पुत्र नूर मोहम्मद, फरमान पुत्र मेहरबान और शोएब पुत्र मेहरबान के रूप में हुई है। तीनों आरोपी जनपद बागपत और मेरठ क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं। पुलिस के अनुसार पकड़े गए आरोपियों के पास से हथियारों में 13 तमंचे 315 बोर, 5 तमंचे 12 बोर, 2 अवैध बंदूकें 12 बोर, 2 जिंदा कारतूस 315 बोर, 5 खोखा कारतूस तथा 6 अधबनी नाल शामिल हैं। इसके अलावा अवैध शस्त्र निर्माण में प्रयुक्त उपकरण भी बरामद किए गए हैं।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार गिरफ्तार आरोपी सलीम के खिलाफ पहले भी आयुध अधिनियम समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज है।
इस संबंध में थाना बड़ौत में मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है। एसपी बागपत सूरज कुमार राय का कहना है कि मामले में अभी और भी जांच चल रही है। इस फैक्ट्री में बनाए गए हथियार कहां सप्लाई होते थे और कहां-कहां बेचे गए, इसकी अभी जानकारी जुटाई जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन त्यागी

