home page

बराहनगर युवती हत्याकांड : दिल्ली रेलवे स्टेशन के बाहर से प्रेमी गिरफ्तार, पबजी गेम से जुड़ा है विवाद

 | 
बराहनगर युवती हत्याकांड : दिल्ली रेलवे स्टेशन के बाहर से प्रेमी गिरफ्तार, पबजी गेम से जुड़ा है विवाद


कोलकाता, 13 नवंबर (हि.स.)। उत्तर 24 परगना जिले के बराहनगर में 26 वर्षीय युवती अंजलि साव की हत्या के मामले में पुलिस ने उसके प्रेमी को दिल्ली के एक रेलवे स्टेशन के बाहर से गिरफ्तार कर लिया है। यह गिरफ्तारी बराहनगर थाने के एक सब-इंस्पेक्टर के नेतृत्व वाली टीम ने की। बैरकपुर के पुलिस उपायुक्त (दक्षिण) कुंतल बनर्जी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपित को दिल्ली से कोलकाता लाया जा रहा है। उससे विस्तृत पूछताछ के बाद ही हत्या के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, यह हत्या पबजी गेम खेलने को लेकर हुए विवाद के कारण की गई। विवाद के बाद प्रेमी ने अंजलि की हत्या कर दी और मौके से फरार हो गया। पुलिस लगातार उसकी तलाश कर रही थी और गुरुवार रात को उसे पकड़ने में सफलता मिली। हालांकि, ऑनलाइन गेम को लेकर ऐसा क्या विवाद हुआ कि नौबत हत्या तक पहुंच गई, इसका खुलासा अभी नहीं हो पाया है। सूत्रों का दावा है कि गिरफ्तार युवक भी पबजी गेम का आदी था।

गौरतलब है कि 10 नवंबर को बराहनगर के 17 नंबर वार्ड के शीतलामाता लेन स्थित एक फ्लैट से अंजलि का शव बरामद किया गया था। अंजलि डनलप इलाके की रहने वाली थी। जांच में पता चला है कि अंजलि के बराहनगर वाले फ्लैट में जाने की जानकारी उसके प्रेमी को पहले से थी। हत्या के बाद आरोपित ने मृतका के मोबाइल से ही उसके परिवार वालों को मैसेज किए थे। इसी मोबाइल की टावर लोकेशन के आधार पर पुलिस आरोपित तक पहुंचने में सफल रही।

पुलिस का दावा है कि आरोपित जांचकर्ताओं को चकमा देने के लिए बार-बार मोबाइल फोन स्विच ऑन और ऑफ कर रहा था और अपनी लोकेशन बदल रहा था। इसी वजह से पुलिस कई बार उसके करीब पहुंचकर भी उसे पकड़ नहीं पा रही थी। एसीपी (बेलघरिया) ने बताया कि आरोपित लगातार मोबाइल की लोकेशन बदल रहा था, लेकिन पुलिस टीम ने इसे चुनौती के रूप में लिया और आखिरकार उसे गिरफ्तार कर लिया।

मंगलवार रात को बराहनगर पुलिस ने पांचवीं मंजिल के एक फ्लैट का दरवाजा तोड़कर अंजलि का शव बरामद किया था। पुलिस सूत्रों के अनुसार, शव लेटी हुई अवस्था में था और उस पर चोट के निशान भी थे। जानकारी के मुताबिक, यह फ्लैट अंजलि की बहन और जीजा का है, जो पिछले चार साल से वहां रह रहे थे। हालांकि, व्यवसाय के सिलसिले में जीजा अब हुगली के श्रीरामपुर में रहते हैं और कभी-कभार फ्लैट देखने आते थे।

हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर