home page

सुपौल में प्रतिबंधित नशीले इंजेक्शन के साथ युवक गिरफ्तार

 | 
सुपौल में प्रतिबंधित नशीले इंजेक्शन के साथ युवक गिरफ्तार


सुपौल, 05 जुलाई (हि.स.)।

जिले के पिपरा थाना क्षेत्र में पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को प्रतिबंधित नशीले इंजेक्शन के साथ गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने आरोपी के घर पर छापेमारी कर आठ प्रतिबंधित इंजेक्शन बरामद किए हैं। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में सुपौल जेल भेज दिया गया है।

जानकारी के अनुसार, पिपरा थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि तुला पट्टी पंचायत के सुंदरपुर वार्ड संख्या-9 निवासी प्रकाश कुमार कथित रूप से प्रतिबंधित इंजेक्शन की बिक्री कर नशे का कारोबार चला रहा है।

सूचना मिलने के बाद पुलिस ने पहले मामले का सत्यापन किया और फिर एक टीम गठित कर आरोपी के घर पर छापेमारी की।छापेमारी के दौरान पुलिस ने घर से आठ प्रतिबंधित नशीले इंजेक्शन बरामद किए। मौके से ही प्रकाश कुमार को हिरासत में लेकर थाना लाया गया और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

पिपरा थानाध्यक्ष किशोर कुमार ने बताया कि बरामद इंजेक्शन प्रतिबंधित श्रेणी के हैं और प्रारंभिक जांच में इनके नशे के रूप में इस्तेमाल किए जाने की बात सामने आई है। उन्होंने कहा कि आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है और रविवार को उसे न्यायिक हिरासत में सुपौल जेल भेज दिया गया।थानाध्यक्ष ने कहा कि थाना क्षेत्र में नशे के अवैध कारोबार पर पुलिस की लगातार नजर है और गुप्त सूचनाओं के आधार पर आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।

उन्होंने स्पष्ट किया कि युवाओं को नशे की गिरफ्त में धकेलने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कदम उठाए जाएंगे।पुलिस की इस कार्रवाई के बाद स्थानीय लोगों ने संतोष व्यक्त किया है। ग्रामीणों का कहना है कि नशे का बढ़ता कारोबार युवाओं के भविष्य के लिए गंभीर खतरा बनता जा रहा है। ऐसे में समय-समय पर होने वाली पुलिस कार्रवाई से इस अवैध धंधे पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी।

पुलिस ने आम लोगों से भी अपील की है कि यदि उनके आसपास कहीं नशीले पदार्थों की खरीद-बिक्री या अवैध कारोबार की जानकारी मिले तो उसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र